Ghaziabad 2 Sisters Murdered: शादी टूटने से नाराज युवक ने दो सगी बहनों को मारी गोली

Ghaziabad 2 Sisters Murdered: गाजियाबाद के खोड़ा में शादी का रिश्ता टूटने से नाराज युवक ने दो सगी बहनों को गोली मारी। गंभीर हालत में दोनों अस्पताल में भर्ती, पुलिस आरोपी जॉनी की तलाश में जुटी।

Shivam Shrivastava
Published on: 16 Jun 2026 9:02 PM IST
Ghaziabad 2 Sisters Murdered:  शादी टूटने से नाराज युवक ने दो सगी बहनों को मारी गोली
X

Ghaziabad 2 Sisters Murdered: गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आदर्श नगर के वाल्मीकि चौक इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ मंगलवार को उस समय अचानक अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया, जब शादी का रिश्ता टूटने से गुस्साए एक सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर दो सगी बहनों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस जानलेवा हमले में दोनों बहनें लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। वारदात के तुरंत बाद उन्हें गंभीर हालत में दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। दोनों की स्थिति इस समय बेहद नाजुक बनी हुई है।

तीन महीने पहले टूट चुका था शादी का रिश्ता

जानकारी के अनुसार, इस खौफनाक हमले का शिकार हुई बहनों के नाम निधि और खुशी हैं। कुछ समय पहले खुशी का रिश्ता गाजियाबाद के पुराने बस अड्डा क्षेत्र में रहने वाले जॉनी नाम के युवक के साथ तय हुआ था। हालांकि, करीब तीन महीने पहले किसी वजह से दोनों परिवारों के बीच यह रिश्ता टूट गया। जॉनी इस बात को बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था और उसके मन में रंजिश पनप रही थी। इसी गुस्से में वह मंगलवार को खोड़ा स्थित उनके घर आ धमका। चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपी जॉनी मुख्य दरवाजे के बजाय मकान की खिड़की के रास्ते चुपके से घर के अंदर दाखिल हुआ और बिना कुछ सोचे-समझे सीधे चार राउंड फायरिंग कर दी।

एक के पेट और दूसरी के जबड़े में लगी गोली

शुरुआती जांच के मुताबिक, हमला बेहद करीब से किया गया था। फायरिंग के दौरान एक गोली निधि के पेट में जा लगी, जबकि दूसरी गोली खुशी के जबड़े को चीरती हुई निकल गई। दोनों बहनें खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं और घर में चीख-पुकार मच गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी जॉनी मौके से तुरंत भाग निकला। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत दिल्ली के एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां वे इस वक्त जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, इलाके में दहशत

इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे वाल्मीकि चौक इलाके में डर और दहशत का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खोड़ा थाना पुलिस ने फौरन जांच-पड़ताल तेज कर दी है। पुलिस की टीमें घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही हैं ताकि आरोपी के भागने के रास्ते का सटीक सुराग मिल सके। इसके साथ ही फरार जॉनी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात की हर एंगल से तफ्तीश की जा रही है और जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। शुरुआती तौर पर यह पूरा मामला रिश्ता टूटने के कारण उपजी आपसी रंजिश का ही नजर आ रहा है।

Shivam Shrivastava
ABOUT THE AUTHOR

Shivam Shrivastava

शिवम उत्तर प्रदेश के एक युवा और उभरते पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 4 वर्षों का अनुभव प्राप्त है। वे राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और हाइपरलोकल खबरों की गहरी समझ रखते हैं और समसामयिक मुद्दों पर सटीक व प्रभावशाली रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। उनकी विशेष रुचि डाटा-ड्रिवन पत्रकारिता और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग में है, जिससे उनकी खबरें अधिक तथ्यात्मक और विश्वसनीय बनती हैं। वे जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग के साथ-साथ डिजिटल मीडिया के बदलते स्वरूप को भी समझते हैं। लेखन और रिसर्च में उनकी मजबूत पकड़ उन्हें एक सक्षम और जिम्मेदार पत्रकार के रूप में स्थापित करती है।

Next Story