Ghazipur News: सीएम योगी ने 692 करोड़ की 268 परियोजनाओं का किया लोकार्पण, कहा- 'यह वीरों की धरती है'

Ghazipur News: गाजीपुर दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 692 करोड़ रुपये की 268 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया और जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

Rajnish Mishra
Published on: 30 July 2026 1:26 PM IST
CM Yogi inaugurates 268 projects worth Rs 692 crore
X

सीएम योगी ने 692 करोड़ की 268 परियोजनाओं का किया लोकार्पण (Photo- Social Media)

Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गाजीपुर जनपद पहुंचे। उन्होंने मुहम्मदाबाद मंडी समिति परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 692 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली और पूर्ण हो चुकी कुल 268 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र भी वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से किसानों, गरीबों, युवाओं और महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि गाजीपुर जनपद की अपनी एक अलग पहचान है।

रामायण कालखंड से जुड़ी है गाजीपुर की पहचान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए गाजीपुर की पवित्र भूमि को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह साधु-संतों और वीरों की धरती है और ऐसी पुण्य भूमि पर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि गाजीपुर महाराजा गाधि की नगरी है और इस जनपद का उल्लेख रामायण कालखंड में भी मिलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भगवान राम और लक्ष्मण महर्षि विश्वामित्र के साथ प्रस्थान कर रहे थे, तब वे गाजीपुर की धरती से होकर बक्सर पहुंचे थे, जहां उन्होंने ताड़का का वध किया था।

गहमर गांव और वीर अब्दुल हमीद का किया उल्लेख

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने गाजीपुर के गहमर गांव का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गहमर को फौजियों का गांव कहा जाता है और यहां से 12 हजार से अधिक सैनिक देश सेवा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान युद्ध में गाजीपुर के वीर जवान अब्दुल हमीद ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब-जब भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध हुआ, तब-तब गाजीपुर के वीरों ने दुश्मनों के हौसले पस्त किए और देश की रक्षा में अहम भूमिका निभाई।

गाजीपुर की वीर भूमि को किया नमन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि जब भी देश पर संकट आया, चाहे ऑपरेशन सिंदूर हो, कारगिल युद्ध हो या फिर 1961, 1965 और 1971 के युद्ध, हर बार गाजीपुर के रणबांकुरों ने दुश्मनों का डटकर मुकाबला किया और उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि गाजीपुर के वीर जवानों की बहादुरी पूरे देश के लिए प्रेरणा है। अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने गाजीपुर की वीर भूमि को नमन करते हुए यहां के सैनिकों और वीरों के योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया।

Rajnish Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Rajnish Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, गाजीपुरrajnishkumarmishragzp@gmail.com
Next Story