कैसे हुई निषाद पार्टी के विनोद साहनी की हत्या? दुकान से घर लौटते समय 10 हमलावरों ने घेरा, भाला घोंपा

Vinod Sahani Murder: गोंडा में बर्तन व्यापारी और निषाद पार्टी कार्यकर्ता विनोद साहनी की हत्या से हड़कंप। दुकान से घर लौटते समय 10 लोगों ने घेरकर हमला किया।

Alakha Singh
Published on: 11 Sept 2026 8:40 AM IST
कैसे हुई निषाद पार्टी के विनोद साहनी की हत्या? दुकान से घर लौटते समय 10 हमलावरों ने घेरा, भाला घोंपा
X

Vinod Sahani Murder: उत्तर प्रदेश के गोंडा में निषाद पार्टी से जुड़े बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी (45) की हत्या के बाद सियासत गरमा गई है। बुधवार रात दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे विनोद को रास्ते में चार बाइकों से आए करीब 10 लोगों ने घेर लिया। हमलावरों ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर कांता व भाला से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विनोद की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई।

रेक्सड़िया मल्लाहन पुरवा गांव निवासी विनोद कुमार साहनी शाहपुर बाजार में बर्तन की दुकान चलाते थे। बुधवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि लल्लन यादव की दुकान के पास पहुंचते ही चार बाइकों पर सवार करीब 10 लोगों ने उनकी बाइक रोक ली।

आरोप है कि हमलावरों ने विनोद को घेरकर पहले पीटा और इसके बाद कांता और भाला से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि विदोद शहनी की एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हमलावर उनसे नाराज थे।



तीन हमलावरों को पहचानने का दावा

परिजनों के मुताबिक, हमले के दौरान विनोद ने तीन हमलावरों को पहचान लिया था। गंभीर हालत में उन्हें पहले सीएचसी ले जाया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज गोंडा रेफर किया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने को लेकर पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की

परसपुर पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

परसपुर थाना प्रभारी कमला शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि व्यापारी की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

केजीएमयू में संजय निषाद का धरना, पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

विनोद साहनी की मौत की खबर मिलते ही निषाद पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद लखनऊ के केजीएमयू शवगृह पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। घटना के विरोध में उन्होंने शवगृह के बाहर धरना भी दिया।

संजय निषाद ने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती और प्रशासन को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, उनकी अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाने और तत्काल न्याय की मांग की।


उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 11 सितंबर को गोंडा में पुलिस अधीक्षक के आवास और कार्यालय का घेराव किया जाएगा। निषाद पार्टी ने आंदोलन तेज करने की भी चेतावनी दी है।

संजय निषाद ने परसपुर थाना प्रभारी, शाहपुर चौकी प्रभारी और संबंधित पुलिसकर्मियों को हटाने की मांग भी की।

अखिलेश यादव ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी विनोद कुमार साहनी की हत्या पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की।

अखिलेश यादव ने विनोद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भाजपा शासन में उत्तर प्रदेश में अपराध और अराजकता चरम पर है। उन्होंने पुलिस व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पुलिस को झूठे मुकदमों और एनकाउंटर का हिस्सा बनाकर उसकी शक्ति और प्रभाव को कमजोर किया गया है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश और हत्या के पीछे की वजह की जांच में जुटी है। घटना को लेकर गोंडा से लेकर लखनऊ तक राजनीतिक प्रतिक्रिया तेज हो गई है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story