TRENDING TAGS :
Gonda News: देवीपाटन मंडल के 229 राजकीय स्कूलों में बाल वैज्ञानिकों को नई दिशा देगा भारत इनोवेट्स
Gonda News:देवीपाटन मंडल के राजकीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों में भारत इनोवेट्स 2026 के तहत विज्ञान, तकनीक और नवाचार आधारित गतिविधियां आयोजित होंगी।
देवीपाटन मंडल के 229 राजकीय स्कूलों में बाल वैज्ञानिकों को नई दिशा देगा भारत इनोवेट्स (Photo Social Media)
Gonda News: गोंडा। देवीपाटन मंडल के 229 राजकीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में नई दिशा देने के लिए भारत इनोवेट्स 2026 कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से बाल वैज्ञानिकों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। शिक्षा मंत्रालय की ओर से संचालित इस राष्ट्रीय पहल को लेकर विद्यालयों में तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि भारत इनोवेट्स 2026 उच्च शिक्षा विभाग की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल है। इसकी घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 फरवरी को फ्रांस के राष्ट्रपति की उपस्थिति में भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के उद्घाटन अवसर पर की थी। कार्यक्रम का आयोजन 14 से 16 जून तक फ्रांस में किया जाएगा, जहां भारत के नवाचार मॉडल और नई तकनीकों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भारत को विश्व नवाचार साझेदार के रूप में स्थापित करना है। इसके साथ ही स्टार्टअप इकोसिस्टम, उन्नत तकनीक और युवाओं के वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना भी इसका लक्ष्य है। शिक्षा मंत्रालय इसे विद्यालय स्तर पर अभियान के रूप में संचालित करेगा, ताकि छात्र-छात्राओं में विज्ञान और तकनीक के प्रति रुचि विकसित हो सके।
विद्यालयों में होंगी विभिन्न गतिविधियां
मई माह के दौरान मंडल के सभी राजकीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों में अलग-अलग गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें विकसित भारत के नवाचार परिदृश्य पर संगोष्ठी, डीप टेक्नोलॉजी विषय पर विशेष कक्षाएं, भारत क्विज, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और निबंध लेखन जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी।
इसके अलावा ग्रीष्मावकाश के दौरान छात्र-छात्राओं को इन गतिविधियों से संबंधित प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट की प्रदर्शनी लगाकर उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर साझा होंगी उपलब्धियां
डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों के शॉर्ट वीडियो और रील्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “भारत इनोवेट्स 2026” हैंडल पर साझा किए जाएंगे। इससे छात्रों की रचनात्मकता और नवाचार को व्यापक पहचान मिल सकेगी।
देवीपाटन मंडल में गोंडा के 26 राजकीय और 42 सहायता प्राप्त विद्यालय, बलरामपुर के 22 राजकीय और 19 सहायता प्राप्त विद्यालय, बहराइच के 55 राजकीय और 28 सहायता प्राप्त विद्यालय तथा श्रावस्ती के 28 राजकीय और 9 सहायता प्राप्त विद्यालय इस अभियान में शामिल होंगे। कुल मिलाकर 131 राजकीय और 98 सहायता प्राप्त विद्यालयों के छात्र-छात्राएं इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।


