Gonda News: सिपाही पर यौन शोषण, दहेज उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी का केस, जांच शुरू

Gonda News: गोंडा में कोर्ट मैरिज के बाद महिला ने सिपाही पति और ससुरालवालों पर प्रताड़ना, दहेज मांगने और धमकी देने के आरोप लगाए, पुलिस ने जांच शुरू की।

Radheshyam Mishra
Published on: 8 Aug 2026 9:55 PM IST
Case of sexual assault, dowry harassment and deliberate threats against soldier
X

सिपाही पर यौन शोषण, दहेज उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी का केस, जांच शुरू (Photo- Newstrack)

Gonda News: नौकरी लगते ही पति का रंग बदल गया। कोर्ट मैरिज कर धोखे से संबंध बनाने, दहेज में 5 लाख और कार मांगने, रस्सी से बांधकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने गोंडा महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने कर्नलगंज थाने में तैनात कांस्टेबल समेत 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोर्ट मैरिज के बाद बदला व्यवहार

सीतापुर के हरगांव थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता ने बताया कि 2020 में उसकी मुलाकात लखीमपुर खीरी के मोहम्मदाबाद निवासी रवि प्रकाश से हुई थी। शादी का वादा कर आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। दबाव बनाने पर 30 मई 2025 को दोनों ने लखीमपुर में कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद रवि की यूपी पुलिस में कांस्टेबल पद पर भर्ती हो गई और तैनाती गोंडा के कर्नलगंज थाने में हो गई।

दहेज के लिए की मारपीट

पीड़िता का आरोप है कि गत 10 जून 2026 को जब वह ससुराल पहुंची तो पति रवि प्रकाश, सास लीला देवी और अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसे रस्सी से बांधकर पीटा गया और दहेज में 5 लाख रुपये नकद व एक कार की मांग की गई। जान बचाने के लिए महिला ने डायल-112 पर कॉल किया।

पीड़िता का कहना है कि पति अक्सर कहता है "अब सरकारी नौकरी लग गई है, तुम मेरे लायक नहीं हो" और दूसरी शादी करने की धमकी देता है। 19 जुलाई को महिला थाने में सुनवाई के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अस्पताल से छुट्टी के बाद जब वह कर्नलगंज थाने पति से मिलने गई तो उसे डांटकर भगा दिया गया। बस अड्डे के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उसका पीछा भी किया।

3 महीने भटकी, तब दर्ज हुई एफआईआर

पीड़िता ने बताया कि वह पिछले 3 महीने से सीएम कार्यालय और डीजीपी कार्यालय तक न्याय के लिए भटकती रही, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। लंबे प्रयास के बाद अब मुकदमा दर्ज हुआ है।

महिला थाने की पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रवि प्रकाश समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ यौन शोषण, धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उप-निरीक्षक तशरीफ अहमद को सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story