TRENDING TAGS :
Gonda News: विचाराधीन जमीन पर निर्माण का आरोप, पुलिस की भूमिका पर सवाल
Gonda News: कटरा बाजार के लोनियन पुरवा में जमीन पर दोबारा निर्माण का आरोप, पीड़ित ने मारपीट और धमकी की शिकायत की, पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
विचाराधीन जमीन पर निर्माण का आरोप, पुलिस की भूमिका पर सवाल (Photo- Newstrack)
Gonda News: कटरा बाजार थाना क्षेत्र के लोनियन पुरवा, मौजा नकहा में न्यायालय में विचाराधीन जमीन पर कथित तौर पर जबरन निर्माण कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के कुछ लोगों पर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। साथ ही, मामले में पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं।
मामला गाटा संख्या 172 की जमीन से जुड़ा है। पीड़ित गंगाराम पुत्र त्रिभवन के मुताबिक, जमीन को लेकर करनैलगंज न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। आरोप है कि गांव के ही अर्जुन, राधेश्याम, मलखान, लक्ष्मण और रोहित ने विवादित जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की और निर्माण कार्य शुरू करा दिया।
तीन दिन बाद दोबारा शुरू हुआ निर्माण
पीड़ित के अनुसार, बीते 13 अक्टूबर को पुलिस मौके पर पहुंची थी और निर्माण कार्य रुकवा दिया था। हालांकि, आरोप है कि इसके तीन दिन बाद 16 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे संबंधित लोग फिर से मौके पर पहुंचे और दोबारा निर्माण शुरू कर दिया। गंगाराम का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
थाने में सुनवाई नहीं होने का आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के बाद वह शुक्रवार को दिनभर कटरा बाजार थाने के चक्कर लगाता रहा और न्याय की गुहार लगाता रहा, लेकिन उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई। उसने आशंका जताई कि यदि उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए पुलिस जिम्मेदार होगी।
कार्रवाई की मांग कर रहे ग्रामीण
मामले को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो विवाद बढ़ सकता है और कोई अप्रिय घटना हो सकती है। अब पीड़ित को पुलिस कार्रवाई का इंतजार है। हालांकि, जमीन विवाद और मारपीट से जुड़े आरोपों पर पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं दी गई है।


