Gonda News: बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर से प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा, नेशनल मिशन ने की बड़ी पहल

Gonda News: नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के तहत गोंडा में बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर स्थापित होगा, जहां जैविक इनपुट, प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन की सुविधा मिलेगी।

Newstrack Network
Published on: 3 July 2026 9:06 PM IST
Bio Input Resource Center to Promote Natural Farming, National Missions Big Initiative
X

बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर से प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा, नेशनल मिशन ने की बड़ी पहल (Photo- Social Media)

Gonda News: गोंडा जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद में वित्तीय वर्ष 2026-27 में नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के तहत एक बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर (बीआरसी) स्थापित किया जाएगा। इसके लिए कृषि विभाग इच्छुक किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), उद्यमियों और संस्थाओं को शामिल करेगा। बीआरसी की स्थापना से प्राकृतिक खेती के लिए आवश्यक जैविक इनपुट स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे, जिससे किसानों को आसानी से गुणवत्तापूर्ण सामग्री मिल सकेगी।

उप कृषि निदेशक संतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप स्थापित होने वाला यह केंद्र घनजीवामृत, जीवामृत, बीजामृत, दशपर्णी सहित अन्य जैविक मिश्रणों का उत्पादन और वितरण करेगा। इससे प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलने के साथ रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।

अनुभवी संस्थाओं को मिलेगा अवसर, खुद विकसित करनी होंगी सुविधाएं

उप कृषि निदेशक के अनुसार चयनित बीआरसी संचालक को जैविक मिश्रणों के निर्माण और भंडारण के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं स्वयं विकसित करनी होंगी। इसमें स्टोरेज टैंक, रेफ्रिजरेटर, गोमूत्र संग्रहण व्यवस्था, किण्वन कक्ष तथा सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था शामिल है। आवेदन करने वाले एफपीओ, उद्यमी या संस्था के पास प्राकृतिक खेती का अनुभव होना चाहिए अथवा उसके सदस्य प्राकृतिक खेती का अभ्यास कर रहे हों।

जैविक मिश्रणों के उपयोग का तरीका समझायेगा बीआरसी

उप कृषि निदेशक संतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि 'बीआरसी की भूमिका केवल जैविक इनपुट तैयार करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों और क्लस्टरों को जैविक मिश्रणों के उपयोग की विधि, प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराएगा। कृषि विभाग एफपीओ, उद्यमियों और इच्छुक संस्थाओं को इस मुहिम से जोड़ेगा।'


Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story