Gonda News: गोंडा में जानलेवा हमले के आरोपी खुलेआम घूम रहे, पीड़ित परिवार ने लगाई न्याय की गुहार

Gonda News: गोंडा के कर्नलगंज में युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार दहशत में है। परिवार ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल और आईजी देवीपाटन रेंज से कार्रवाई की मांग की है।

Radheshyam Mishra
Published on: 14 May 2026 9:15 PM IST
Gonda News: गोंडा में जानलेवा हमले के आरोपी खुलेआम घूम रहे, पीड़ित परिवार ने लगाई न्याय की गुहार
X

Gonda News

Gonda News: जिले के कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार भय और दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है। आरोप है कि कर्नलगंज कोतवाली पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है, जबकि नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार मुकदमा वापस लेने व समझौते का दबाव बनाते हुए जान-माल की धमकियां दे रहे हैं।

मामला कर्नलगंज कस्बे के बालकराम पुरवा मोहल्ले का है। कर्नलगंज कोतवाली में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 0237/2026 के अनुसार, पीड़ित गुड्डू पुत्र मोहम्मद हाशिम, निवासी बालकराम पुरवा, कस्बा कर्नलगंज, बीते 28 अप्रैल 2026 को सुबह लगभग 11 बजे घर से दुकान जाने के लिए निकले थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे इब्ने हसन निवासी बालकराम पुरवा, कर्नलगंज, उनके पुत्र तथा दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड, हॉकी और पाइप जैसे घातक हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मोहल्ले के निवासी रानू द्वारा तत्काल डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 126(2) एवं 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार मुकदमा वापस लेने की धमकी दे रहे हैं। परिजनों का कहना है कि आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे खुलेआम परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।

न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिजनों ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही आईजी देवीपाटन रेंज को लिखित प्रार्थना पत्र भेजकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि समय रहते आरोपियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ित परिवार के साथ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस प्रशासन की होगी।गंभीर मामले में भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।मामले में प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन वे जवाब देने से बचते नजर आए।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story