TRENDING TAGS :
Gonda News: गोंडा में खनन अधिकारी पर हमला: 3 गिरफ्तार, सरगना फरार, जेसीबी से कुचलने की कोशिश
Gonda News: अवैध खनन रोकने पहुंची टीम पर हमला, अधिकारी 2 किमी तक जेसीबी के गेट से लटके रहे; पुलिस ने तीन आरोपियों को जेल भेजा।
Gonda News
Gonda News:अवैध खनन रोकने गई खनन टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में करनैलगंज पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन घटना का मुख्य साजिशकर्ता और दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली मालिक अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।गिरफ्तार आरोपियों को आज शाम जेल भेज दिया गया।
क्या था पूरा मामला
जिला खान अधिकारी डॉ. अभय रंजन को गुरुवार देर रात करीब 1 बजे बटौरा बख्तावर सिंह उर्फ राजापुर गांव में अवैध खनन की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मिट्टी लादकर खड़ी थीं। दस्तावेज मांगे गए तो कोई वैध अनुमति नहीं मिली।आरोप है कि कार्रवाई शुरू होते ही खनन माफियाओं ने हमला बोल दिया। जेसीबी चालक ने खान अधिकारी को कुचलने की कोशिश की। इस दौरान डॉ. अभय रंजन करीब 2 किलोमीटर तक जेसीबी के गेट पर लटके रहे। हमलावरों ने सरकारी बोलेरो को भी घेरकर तोड़फोड़ का प्रयास किया। पुलिस के पहुंचने पर जेसीबी चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। जेसीबी को सीज कर लिया गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
3 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
करनैलगंज पुलिस ने मामले में एजाज अहमद, वसीर खान उर्फ सोनू और फजलुर्रहमान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अवैध खनन में लगी दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के मालिक और चालक कहां हैं? सूत्रों के अनुसार पुलिस ने सिर्फ छोटे मोहरों को पकड़ा है, जबकि खनन का बड़ा खेल चलाने वाले सरगना अब भी खुले में घूम रहे हैं।प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि आरोपियों पर अवैध खनन, सरकारी कार्य में बाधा, गाली-गलौज और जान से मारने की नीयत से वाहन चढ़ाने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
ग्रामीणों में आक्रोश
इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि करनैलगंज क्षेत्र में खनन माफियाओं को खुली छूट मिली हुई है। कार्रवाई के नाम पर कभी-कभार एक-दो मशीनें ही सीज होती हैं, लेकिन माफियाओं का खेल बंद नहीं होता।
लोगों ने डीएम से मांग की है कि खनन माफियाओं और ट्रैक्टर मालिकों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।


