TRENDING TAGS :
Gonda News: करनैलगंज में चोर बेखौफ, पुलिस नाकाम : दिनदहाड़े ताले टूट रहे, रात में जेवरात पार
Gonda News: गोंडा के करनैलगंज में बेलहरी और मदारपुर में चोरी की दो घटनाएं सामने आईं। पीड़ितों ने पुलिस से कार्रवाई, बरामदगी और गश्त बढ़ाने की मांग की।
Gonda News: कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आम लोगों में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े बंद घर का ताला तोड़कर सामान उड़ा ले जाना और रात में घर में घुसकर जेवरात पार करने की घटनाएं पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था की पोल खोल रही हैं।
बेलहरी में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, विरोध पर धमकी
पहला मामला ग्राम बेलहरी के लुहारन पुरवा का है। यहां के निवासी आलोक यादव लखनऊ में रहकर काम करते हैं। पीड़ित के अनुसार 12 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे गांव के ही नसरुद्दीन, जियाउद्दीन व अन्य ने उसके बंद पड़े घर का दरवाजा तोड़ दिया। आरोप है कि घर में रखे फूल के बर्तन, जेवरात, दो तख्त, पलंग, पेटी, नल का पाइप और गैस सिलेंडर तक चोर उठा ले गए।
घटना के समय उनके चाचा राजाराम ने चोरी होते देखा और फोन पर पीड़ित को सूचना दी। पीड़ित ने तत्काल यूपी 112 पर कॉल की। पुलिस मौके पर पहुंची, वीडियो बनाई और चली गई। पीड़ित का आरोप है कि 18 अक्टूबर को जब वह कोतवाली में तहरीर देने जा रहा था तो आरोपियों ने उसे रास्ते में रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
मदारपुर में रात में सेंध, अलमारी-लॉकर टूटे:
दूसरी घटना हीरापुर शाहपुर के मजरा मदारपुर की है। यहां 15 अक्टूबर की रात भगवान दास के घर चोरों ने सेंध लगाई। उस रात भगवान दास की पत्नी अनीता बरामदे में सो रही थीं और बहू कोमल कमरे में थी। इसी दौरान चोर घर में घुस गए और अलमारी व लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और गुल्लक लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार जागा तो चोरी की जानकारी हुई।
पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल:
दोनों मामलों में पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू करने की बात कही है, लेकिन अभी तक न तो चोरी का खुलासा हो सका है और न ही माल की बरामदगी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त न के बराबर है, जिसके चलते चोर बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने पुलिस अधीक्षक से गश्त बढ़ाने और घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।


