Gonda News : अयोध्या में खरीफ 2026 गोष्ठी आयोजित, रिकॉर्ड उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस

Gonda News: अयोध्या में खरीफ उत्पादकता गोष्ठी में किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक खेती और रिकॉर्ड उत्पादन लक्ष्य पर जोर

Tej Pratap Singh
Published on: 20 May 2026 8:37 PM IST
Gonda News : अयोध्या में खरीफ 2026 गोष्ठी आयोजित, रिकॉर्ड उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस
X

Gonda News

Gonda News: जनपद अयोध्या स्थित आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में मंगलवार को मंडल स्तरीय (अयोध्या एवं देवीपाटन मंडल) खरीफ उत्पादकता गोष्ठी-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खरीफ फसलों की उत्पादकता बढ़ाने, समय से बीज एवं खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने, सिंचाई प्रबंधन तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के व्यापक प्रसार पर विस्तार से चर्चा की गई। गोष्ठी में किसानों की आय बढ़ाने तथा खरीफ 2026 में रिकॉर्ड उत्पादन प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही जी ने कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया तथा उपस्थित कृषक बंधुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय दोगुनी करने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक खेती अपनाने, उन्नत बीजों के प्रयोग तथा आधुनिक तकनीकों को खेतों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रमुख सचिव कृषि ने अपने सम्बोधन में कहा कि भूमि की उर्वरता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए रासायनिक उर्वरकों पर अत्यधिक निर्भरता कम कर हरी खाद एवं जैविक खाद को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जैविक एवं प्राकृतिक संसाधनों आधारित खेती से मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनी रहती है और उत्पादन की गुणवत्ता भी बेहतर होती है। उन्होंने किसानों को गोबर खाद, वर्मी कम्पोस्ट एवं अन्य जैविक विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रमुख सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में सरकार की किसी भी कृषि योजना, अनुदान अथवा सुविधा का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य होगी।

उन्होंने किसानों से समय रहते अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराने की अपील करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस संबंध में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इस अवसर पर देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने भी अपने सम्बोधन में कहा कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश में कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए गए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव देवीपाटन मंडल के लगभग 18 लाख किसानों के जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री जी के मार्गदर्शन में किसानों को योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराया जा रहा है।

आयुक्त ने कहा कि कृषि उत्पादन आयुक्त एवं प्रमुख सचिव कृषि के दिशा-निर्देशों तथा नियमित मॉनिटरिंग से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो रहा है। सरकार की प्राथमिकता किसानों को समय से गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद एवं सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिसके लिए मंडल स्तर पर सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए अग्रिम तैयारियां की जा रही हैं ताकि किसानों की फसलों एवं आजीविका को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि कृषि, सिंचाई, विद्युत एवं राजस्व विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

साथ ही ड्रोन तकनीक, मृदा परीक्षण एवं वैज्ञानिक खेती जैसी आधुनिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने तथा प्रत्येक पात्र किसान तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है। कार्यक्रम में अयोध्या मंडल के आयुक्त राजेश कुमार, कुलपति डॉ. पी.एस. प्रामाणिक, निदेशक कृषि पंकज त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के निदेशक टी.एम. त्रिपाठी तथा अपर निदेशक कृषि रक्षा आशुतोष मिश्र सहित बड़ी संख्या में कृषक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story