Gonda News:नगर पालिका कर्मचारी पर रिश्वत मांगने का आरोप, ग्राम प्रधान ने की जांच और कार्रवाई की मांग

Gonda News: गोंडा के करनैलगंज में नगर पालिका कर्मचारी पर गाटा संख्या संशोधन के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। ग्राम प्रधान ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

Radheshyam Mishra
Published on: 4 Aug 2026 7:37 PM IST
Gonda News:नगर पालिका कर्मचारी पर रिश्वत मांगने का आरोप, ग्राम प्रधान ने की जांच और कार्रवाई की मांग
X

Gonda News

Gonda News: करनैलगंज तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान नगर पालिका परिषद करनैलगंज के एक कर्मचारी पर गाटा संख्या में संशोधन कराने के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर ग्राम प्रधान ने अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

तहसील एवं विकासखंड करनैलगंज के ग्राम कादीपुर (रग्घापुरवा) निवासी ग्राम प्रधान जयप्रकाश सिंह पुत्र चंद्रकेश सिंह ने दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि वह वर्ष 2021 में निर्वाचित ग्राम प्रधान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके ग्राम की गाटा संख्या 375, 116, 117, 118, 124 सहित अन्य भूमि को गलत तरीके से नगर पालिका परिषद करनैलगंज की मकान गणना और नक्शे में शामिल कर लिया गया है।ग्राम प्रधान का कहना है कि उक्त गाटा संख्या नगर पालिका परिषद करनैलगंज के सीमा विस्तार में शामिल नहीं हैं। इन्हें पुनः ग्राम कादीपुर के अभिलेखों में दर्ज कराने के लिए उन्होंने नगर पालिका कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी शिवकुमार बाबू से संपर्क किया।

आरोप है कि कर्मचारी ने मामले को गंभीर बताते हुए अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों को मैनेज करने की बात कही और इसके लिए 20 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने मजबूरी में 5 हजार रुपये दे दिए, लेकिन शेष धनराशि न देने के कारण उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया।ग्राम प्रधान ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही गलत तरीके से नगर पालिका के अभिलेखों में शामिल की गई गाटा संख्या को पुनः ग्राम कादीपुर के रिकॉर्ड में दर्ज कराया जाए।इस मामले में नगर पालिका परिषद करनैलगंज के संबंधित कर्मचारी या प्रशासन का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है। पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story