TRENDING TAGS :
Gonda News: देवीपाटन मंडल की सड़कों पर खर्च होंगे 11.26 करोड़ रुपए, प्रमुख सड़क मार्ग होंगे दुरुस्त
Gonda News: देवीपाटन मंडल के छह प्रमुख सड़क मार्गों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए शासन ने 11.26 करोड़ रुपये जारी किए, निर्माण कार्य तेज होगा।
देवीपाटन मंडल की सड़कों पर खर्च होंगे 11.26 करोड़ रुपए, प्रमुख सड़क मार्ग होंगे दुरुस्त (Photo- Social Media)
Gonda News: गोंडा। देवीपाटन मंडल के छह प्रमुख सड़क मार्गों को दुरुस्त करने की दिशा में बड़े पैमाने पर कार्य शुरू हो गया है। शासन ने इन सड़क मार्गों के लिए 11.26 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। बजट जारी होने के बाद इन मार्गों पर कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाएगा। इससे लोगों को बेहतर कनेक्टविटी मिल सकेगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुरेश राम ने बताया कि गोंडा निर्माण खंड-एक के तहत दर्जीकुआं मनकापुर मार्ग से शिवनगर रेलवे क्रॉसिंग होकर गप्पीगंज चौराहे से गोंडा-उतरौला मार्ग और बहराइच फैजाबाद आजमगढ़ मार्ग से हनुमंतनगर मधईपुर होते हुए झंझरी तरबगंज मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य को पहले ही स्वीकृति मिल चुकी थी।
कार्यदायी संस्था नामित कर निर्माण कार्य शुरू कराया गया था और अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। अब शासन ने शेष कार्यों के लिए अवशेष धनराशि जारी की है। वहीं, बलरामपुर के गौर रमवापुर क्षेत्र में गुलालीडीह, खगईजोत कल्याणनगर मार्ग से महजिदिया प्रतापपुर चौराहा मार्ग के निर्माण कार्य के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।
भागला नदी सेतु का भिनगा मार्ग भी शामिल
शासन की योजना के तहत बहराइच के मिहींपुरवा-गोपिया पड़रिया-मटेही बाजार मार्ग और श्रावस्ती में भिनगा मार्ग (भागला नदी सेतु) से बैभी बैदौरा मार्ग सहित कुल छह सड़क परियोजनाओं के लिए 11.26 करोड़ रुपये की किस्त जारी की गई है।
कार्यों को मानक के अनुरूप तेजी से पूरा कराएंगे
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि "शासन और उच्चाधिकारियों की स्वीकृति के बाद परियोजनाओं को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। इन कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। जिससे मानक के अनुसार गुणवत्तापूर्ण कार्य हो सके।"


