Gonda News: बैंक विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, बाइक सवार बदमाशों ने चाकुओं से किया वार

Gonda News: गोंडा में बैंक विवाद को लेकर युवक पर बाइक सवार बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Radheshyam Mishra
Published on: 20 Jun 2026 7:35 PM IST
Gonda News: बैंक विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, बाइक सवार बदमाशों ने चाकुओं से किया वार
X

Gonda News

Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जनपद में शहर आ रहे एक युवक पर मांदे करमा गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने घात लगाकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी वारदात में युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने बैंक कर्मियों पर इस हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया है।

घात लगाकर किया हमला

मिली जानकारी के अनुसार, गोंडा निवासी रामनारायण मिश्र बाइक से शहर आ रहे थे। मांदे करमा गांव के समीप पहले से घात लगाए बैठे तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और चाकू से कई वार किए। हमले में रामनारायण बुरी तरह जख्मी हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।घायल रामनारायण का एक बैंक से लोन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। परिजनों ने बताया कि रामनारायण ने पहले भी बैंक कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। रामनारायण का आरोप है कि यह जानलेवा हमला बैंक कर्मियों द्वारा ही कराया गया है।

सीओ ने लिया बयान, कई टीमें दे रहीं दबिश

घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी (CO) ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल रामनारायण का बयान दर्ज किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। हमलावरों की तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।दिनदहाड़े हुए इस जानलेवा हमले से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

Next Story