Gonda News: कर्नलगंज में 24 घंटे में दो सड़क हादसे, तीन गंभीर घायल, तेज रफ्तार बनी काल

Gonda News: गोंडा के कर्नलगंज क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए, जिनमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसों की मुख्य वजह बताया जा रहा है।

Radheshyam Mishra
Published on: 15 Jun 2026 7:08 PM IST
Gonda News: कर्नलगंज में 24 घंटे में दो सड़क हादसे, तीन गंभीर घायल, तेज रफ्तार बनी काल
X

Gonda News

Gonda News: गोंडा क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटों में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए दर्दनाक हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है। तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।

पहला हादसा रविवार देर रात गोण्डा-लखनऊ हाईवे पर गोनवा मंदिर के पास हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी।मिली जानकारी के अनुसार, कादीपुर रघ्घापुरवा निवासी पवन कुमार (पुत्र जोखन, 45 वर्ष) रात में साइकिल से घर लौट रहे थे। तभी पीछे से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पवन सड़क पर गिरकर मरणासन्न हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल सीएचसी कर्नलगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल गोंडा रेफर कर दिया।बाइक सवार नसीफ (पुत्र शमीम, निवासी बद्लूपुरवा भोंका) को भी मामूली चोटें आईं, जिसका उपचार सीएचसी में किया गया।

वहीं, सोमवार को दिन में करीब पौने चार बजे कर्नलगंज-परसपुर मार्ग पर एक और भीषण हादसा हो गया। मेंहदीहाता (नचनी) के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल गोंडा रेफर कर दिया।

तेज रफ्तार पर नहीं लग रहा ब्रेक

स्थानीय लोगों का कहना है कि गोण्डा-लखनऊ हाईवे और कर्नलगंज-परसपुर मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों से लोगों में दहशत है और प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही है।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

Next Story