Gonda News: सरयू नदी में मगरमच्छ का हमला, 24 घंटे बाद 8 किमी दूर मिला युवक का शव

Gonda News: गोंडा के उमरीबेगमगंज क्षेत्र में सरयू नदी में स्नान के दौरान मगरमच्छ ने युवक पर हमला कर उसे पानी में खींच लिया।

Radheshyam Mishra
Published on: 21 May 2026 9:42 PM IST
Gonda News: सरयू नदी में मगरमच्छ का हमला, 24 घंटे बाद 8 किमी दूर मिला युवक का शव
X

Gonda News

Gonda News: जिले के उमरीबेगमगंज क्षेत्र में सरयू नदी में मगरमच्छ द्वारा युवक को खींच ले जाने की घटना का आज दर्दनाक अंत हो गया। करीब 24 घंटे की तलाश के बाद युवक का शव घटनास्थल से लगभग 8 किलोमीटर दूर अइली मांझा इलाके में बरामद हुआ। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक दीपक मूल रूप से गाजियाबाद का निवासी था। वह अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उमरीबेगमगंज क्षेत्र में आया हुआ था। बताया जा रहा है कि अंतिम संस्कार के बाद दीपक सनौली मोहम्मदपुर स्थित उदयभान पाही के निकट सरयू नदी में स्नान करने गया था।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्नान के दौरान अचानक एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे पानी के भीतर खींच ले गया। घटना होते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन मगरमच्छ उसे नदी के भीतर ले गया।

सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी गई। लगातार करीब 24 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने दीपक का शव अइली मांझा क्षेत्र के पास नदी से बरामद किया।शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटना के बाद नदी किनारे रहने वाले लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी क्षेत्र में मगरमच्छों की बढ़ती गतिविधियों पर रोक लगाने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।


Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story