TRENDING TAGS :
Gonda News: गोंडा में 25 साल से बदहाल सड़क, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई मरम्मत की गुहार
Gonda News: गोंडा के अशोकवापुर में 25 साल से खराब सड़क को लेकर ग्रामीणों ने डीएम से मरम्मत की मांग की, आवागमन में हो रही परेशानी
Gonda News
Gonda News:विकासखंड कटरा बाजार की ग्रामसभा कोटिया मदारा के मजरा अशोकवापुर में 25 वर्षों से जर्जर पड़ी संपर्क सड़क को लेकर ग्रामीणों का सब्र अब टूट गया है। गांव के निवासी दीप नारायण शुक्ला ने बुधवार को जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हुआ मार्ग:
प्रार्थना-पत्र में बताया गया है कि यह सड़क दुबहा बाजार संपर्क मार्ग से होकर अशोकवापुर गांव तक जाती है और पूरे गांव के आवागमन का एकमात्र साधन है। वर्ष 2000 के बाद से इस पर कोई मरम्मत कार्य नहीं हुआ। पहले यहां खड़ंजा था, जो अब पूरी तरह उखड़ चुका है। वर्तमान में सड़क गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो गई है।
स्कूली बच्चे और मरीज झेल रहे दिक्कत
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में स्थिति और बदतर हो जाती है। बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को रोजाना जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरना पड़ता है। सड़क की बदहाली के कारण एंबुलेंस और स्कूल वाहन भी गांव तक नहीं पहुंच पाते। कई बार मरीजों और गर्भवती महिलाओं को चारपाई के सहारे मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। किसानों को भी उपज बाजार तक पहुंचाने में अतिरिक्त समय और पैसा खर्च करना पड़ रहा है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
दीप नारायण शुक्ला ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे पहले भी जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र दिए गए, लेकिन सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
DM से तत्काल मरम्मत की मांग
प्रार्थी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और ग्राम प्रधान को तत्काल सड़क मरम्मत के निर्देश दिए जाएं, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिल सके और वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
अब गांव के लोगों की निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।


