Gonda News : गंगा स्नान बना काल: गोंडा के हरिओम की डूबने से मौत, 4 घंटे बाद मिला शव

Gonda News : वाराणसी में गंगा स्नान के दौरान गोंडा के युवक हरिओम की डूबने से मौत, 4 घंटे बाद मिला शव।

Radheshyam Mishra
Published on: 26 May 2026 8:27 PM IST
Gonda News : गंगा स्नान बना काल: गोंडा के हरिओम की डूबने से मौत, 4 घंटे बाद मिला शव
X

Gonda Hariom Drowning Case

Gonda News : जनपद के परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भटपुरवा गांव निवासी युवक हरिओम की बनारस में गंगा नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गोताखोरों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला। मिली जानकारी के अनुसार भटपुरवा निवासी बलराज सिंह उर्फ “बल्ले” के पुत्र हरिओम सतनाम कमेटी पुरवा धाम के पूर्णानंद शरण दास उर्फ “मोनू साहेब” के साथ यज्ञ में सेवा देने गए हुए थे।

बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब पांच बजे हरिओम अन्य सेवादारों के साथ गंगा स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान डुबकी लगाते समय वह गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते लापता हो गए। साथी सेवादारों ने जब हरिओम को काफी देर तक बाहर नहीं आते देखा तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। करीब चार घंटे तक चली तलाश के बाद गोताखोरों ने नदी से हरिओम का शव बरामद किया। युवक की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई।

पिता बलराज सिंह, माता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। घटना को लेकर शुभम सिंह कलहंस ने बताया कि सूचना मिलने पर वे मौके के लिए रवाना हो गए हैं। मौके पर पहुंचने के बाद ही अन्य आवश्यक जानकारी मिल सकेगी। हरिओम के असमय निधन से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने इसे बेहद दुखद घटना बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story