TRENDING TAGS :
Gonda News: कर्नलगंज बस स्टॉप पर संदिग्ध हालात में मिला अधेड़, मौत से मची सनसनी
Gonda News: कर्नलगंज बस स्टॉप चौराहे के यात्री प्रतीक्षालय के पास अचेत मिले अधेड़ को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कर्नलगंज बस स्टॉप पर संदिग्ध हालात में मिला अधेड़, मौत से मची सनसनी (Photo- Newstrack)
Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के कर्नलगंज कस्बे के बस स्टॉप चौराहे पर स्थित यात्री प्रतीक्षालय के बगल शुक्रवार एक अधेड़ व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत अवस्था में लावारिस हालत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची कस्बा चौकी पुलिस ने तत्काल 108 एंबुलेंस से उसे सीएचसी कर्नलगंज भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना से पूरे कस्बे में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सुबह 9:30 बजे मिली थी सूचना
कर्नलगंज कस्बा चौकी प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार 19 जून 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे सूचना मिली कि बस स्टॉप चौराहे पर यात्री प्रतीक्षालय के पास एक व्यक्ति अचेत पड़ा है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस बुलाकर अधेड़ को सीएचसी पहुंचाया।
गुरुवार रात से भटकता देखा गया
स्थानीय सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक को गुरुवार रात से ही कर्नलगंज के अस्पताल तिराहे से बस स्टॉप के आसपास भटकते हुए देखा जा रहा था। शुक्रवार जब वह मरणासन्न हालत में मिला तो इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों में तरह तरह की चर्चाएं होने लगीं।
काफी मशक्कत के बाद हुई शिनाख्त
शुरुआत में मृतक के पास से कोई दस्तावेज या पहचान संबंधी सामान न मिलने से शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। पुलिस ने आमजन से पहचान में मदद की अपील की थी। काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान परसपुर बाजार के भौरीगंज मोड़ निवासी राजेंद्र कौशल पुत्र शिव प्रसाद के रूप में हुई। इसकी पुष्टि उनके पुत्र अनिकेत कौशल ने की।
40-45 वर्ष उम्र, जांच में जुटी पुलिस
कस्बा चौकी प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 40-45 वर्ष प्रतीत हो रही है। शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही की जा रही है। मौत के सही कारणों का पता गहन जांच पड़ताल के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
परिजनों को दी गई सूचना
शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। राजेंद्र कौशल की मौत की खबर से परसपुर स्थित घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।


