Gonda News: पुलिस सर्राफा लूटकांड के खुलासे का ढिंढोरा पीटने में व्यस्त, लेकिन बदमाश बेखौफ

Gonda News: सर्राफा लूटकांड के खुलासे का दावा कर रही पुलिस के बीच गोंडा के प्राचीन मंदिर से बेशकीमती मूर्तियां चोरी हो गईं, चार दिन बाद भी सुराग नहीं मिला।

Radheshyam Mishra
Published on: 9 May 2026 9:09 PM IST
Police busy beating the rumble of opening Sarrafa looting
X

पुलिस सर्राफा लूटकांड के खुलासे का ढिंढोरा पीटने में व्यस्त, लेकिन बदमाश बेखौफ (Photo- Newstrack)

Gonda News: जिले के कोतवाली कर्नलगंज पुलिस भले ही सर्राफा व्यापारी लूट कांड के खुलासे का श्रेय लेने में व्यस्त रही हो, लेकिन हकीकत यह है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म होता नजर आ रहा है। लूट कांड के खुलासे के कुछ ही घंटों बाद बदमाशों ने पुलिस को सीधी चुनौती देते हुए सोनहरा पंडितपुरवा दक्षिणी गांव स्थित करीब 100 वर्ष पुराने प्राचीन श्रीराम जानकी मंदिर को निशाना बना डाला और श्रीराम, सीता व लक्ष्मण जी की बेशकीमती अष्टधातु मूर्तियां चोरी कर ले गए।

मामले को हल्के में लेने का पुलिस पर लगा आरोप

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद कर्नलगंज पुलिस की रात्रि गश्त कहां गायब है? ग्रामीणों के मुताबिक एक दिन पहले भी इसी मंदिर परिसर में चोरी की वारदात हुई थी, जहां चोर दानपात्र और बाजा उठा ले गए थे। उस समय यदि पुलिस ने गंभीरता दिखाई होती तो शायद यह बड़ी घटना टल सकती थी। लेकिन आरोप है कि पुलिस ने पहले मामले को हल्के में लिया और चोरों के हौसले इतने बढ़ गए कि अगले ही दिन मंदिर का ताला तोड़कर करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ी मूर्तियां तक उठा ले गए।

बुधवार सुबह मंदिर के पुजारी रामेश्वर शुक्ला जब पूजा करने पहुंचे तो मंदिर का मुख्य ताला टूटा मिला और गर्भगृह से श्रीराम, सीता व लक्ष्मण जी की मूर्तियां गायब थीं, जबकि हनुमान जी की मूर्ति वहीं छोड़ दी गई।

सूचना फैलते ही गांव में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी खुलकर सामने आने लगी। घटना की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच का भरोसा देकर लौट गए, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि “हर घटना के बाद सिर्फ जांच होती है, खुलासा कभी नहीं होता।”

ग्रामीणों ने दी चेतावनी

लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार मंदिरों, घरों और दुकानों में चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी बड़े गिरोह तक नहीं पहुंच सकी है। इससे कोतवाली के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चोरी का खुलासा कर मूर्तियां बरामद नहीं की गईं और चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो क्षेत्र में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने, मंदिरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और लगातार बढ़ते अपराधों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story