Gonda News: माधवपुर चकत्ता के तालाब में 17 वर्षीय किशोरी का शव मिला, जांच जारी

Gonda News: गोण्डा के माधवपुर चकत्ता गांव में तालाब में 17 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

Radheshyam Mishra
Published on: 3 July 2026 5:18 PM IST
Body of 17-year-old girl found in pond in Madhavpur Chakta
X

माधवपुर चकत्ता के तालाब में 17 वर्षीय किशोरी का शव मिला, जांच जारी (Photo- Newstrack)

Gonda News: गोण्डा नगर कोतवाली क्षेत्र के माधवपुर चकत्ता गांव में गुरुवार को सनसनी फैल गई। गांव के बाहर मछली पालन के लिए बने तालाब में 17 वर्षीय किशोरी सुधा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में तैरता मिला। सुबह 8 बजे तक घर पर दिखी सुधा के अचानक गायब होने और फिर लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सुबह घर से निकली, तालाब में मिली लाश

परिजनों के अनुसार सुधा सुबह 8 बजे तक घर पर थी। इसके बाद अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद गांव के पास मछली पालन वाले तालाब में उसका शव तैरता दिखा। सूचना पर गांव में भीड़ जुट गई।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तालाब के आसपास बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

परिवार में पसरा मातम, उठी निष्पक्ष जांच की मांग

17 साल की बेटी की असमय मौत से परिवार टूट गया है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। चकत्ता गांव में मातम का माहौल है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुधा सुबह शौच के लिए घर से निकली थी। हालांकि, घर में शौचालय होने के कारण पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है।

पुलिस का बयान

नगर कोतवाली पुलिस का कहना है, “मृत्यु के सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होंगे। मामले की हर एंगल से गहनता से जांच की जा रही है।” पुलिस हत्या, आत्महत्या और हादसा तीनों पहलुओं पर जांच कर रही है।

सुधा की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वह गुरुवार सुबह 8 बजे के बाद क्या हुआ था? वह तालाब तक कैसे पहुंची? अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story