TRENDING TAGS :
Gonda गैस मांगना पड़ा भारी: मंगलम गैस एजेंसी पर ग्राहक की पिटाई, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
Gonda News : गैस न मिलने की शिकायत पर ग्राहक की पिटाई का वीडियो वायरल, मंगलम गैस एजेंसी संचालक समेत कई लोगों पर आरोप
Manglam Gas Agency News
Gonda News : जिले की चर्चित मंगलम गैस एजेंसी एक बार फिर विवादों के केंद्र में है। इस बार मामला गैस उपभोक्ता के साथ खुलेआम मारपीट और दबंगई का है। गैस न मिलने पर नाराजगी जताने पहुंचे एक ग्राहक के साथ एजेंसी संचालक और कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है तथा एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार नगर क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी में संचालित मंगलम गैस एजेंसी पर गत317 मई की दोपहर मोहम्मद रिजवान नामक ग्राहक गैस न मिलने की शिकायत लेकर पहुंचा था।
आरोप है कि शिकायत करने पर एजेंसी संचालक देवेंद्र प्रताप सिंह तथा वहां मौजूद 7-8 लोगों ने ग्राहक के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में एजेंसी मालिक भी अपने सहयोगियों के साथ युवक को थप्पड़ मारते और धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने पूरा घटनाक्रम मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में एजेंसी संचालकों की दबंगई और मनमानी को लेकर जबरदस्त नाराजगी देखी जा रही है। पीड़ित मोहम्मद रिजवान ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर एजेंसी मालिक देवेंद्र प्रताप सिंह समेत 7-8 अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि वायरल वीडियो और तहरीर का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी गई है तथा दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। पहले भी विवादों में रह चुकी है गैस एजेंसी बताया जा रहा है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। कुछ दिन पूर्व ही जिला पूर्ति विभाग द्वारा एजेंसी पर 1143 भरे तथा 475 खाली गैस सिलेंडर कम पाए जाने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस कार्रवाई के बाद भी एजेंसी संचालन में सुधार न होने से विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
2800 उपभोक्ताओं की बुकिंग दूसरी एजेंसी में ट्रांसफर लगातार मिल रही शिकायतों और अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने मंगलम गैस एजेंसी के करीब 2800 उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग दूसरी एजेंसी में ट्रांसफर कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि एजेंसी के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते कार्रवाई की गई। डीएसओ की कार्यशैली पर भी उठे सवाल स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से एजेंसी पर उपभोक्ताओं के शोषण, गैस वितरण में मनमानी, कालाबाजारी और अभद्र व्यवहार की शिकायतें होती रही हैं, लेकिन जिला पूर्ति विभाग द्वारा समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि विभाग पहले ही सख्ती दिखाता तो उपभोक्ताओं के साथ मारपीट जैसी घटना सामने नहीं आती।
मामले ने डीएसओ कार्यालय की कार्यशैली और निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। उपभोक्ताओं में भय और नाराजगी घटना के बाद क्षेत्रीय उपभोक्ताओं में भय और रोष का माहौल है। लोगों का कहना है कि गैस जैसी आवश्यक सेवा देने वाली एजेंसी पर यदि उपभोक्ताओं के साथ इस तरह का व्यवहार होगा तो आम जनता अपनी शिकायत किससे करेगी। लोगों ने प्रशासन से दोषियों पर कठोर कार्रवाई कर एजेंसी की जांच कराने की मांग की है।


