Gonda News: 1,453 निर्धन कन्याओं के पीले होंगे हाथ, सामूहिक विवाह योजना के लिए आवेदन शुरू

Gonda News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना 2026-27 के तहत गोंडा में 1453 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा, पात्र परिवार ऑनलाइन आवेदन कर लाभ उठा सकते हैं।

Newstrack Network
Published on: 30 May 2026 8:44 PM IST
Application for Chief Minister Mass Marriage Scheme
X

1,453 निर्धन कन्याओं के पीले होंगे हाथ, सामूहिक विवाह योजना के लिए आवेदन शुरू (Photo- Social Media)

Gonda News: गोंडा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना(Chief Minister Mass Marriage Scheme) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले की 1,453 निर्धन परिवारों की कन्याओं का विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ कराया जाएगा। समाज कल्याण विभाग ने पात्र परिवारों से आवेदन आमंत्रित करते हुए योजना का लाभ उठाने की अपील की है। सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के खर्च से राहत प्रदान करना और सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देना है।

जिला समाज कल्याण विभाग के अनुसार योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर लगभग एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। इसमें 60 हजार रुपये सीधे वधू के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं, जबकि 25 हजार रुपये की उपहार सामग्री प्रदान की जाती है। इसके अलावा 15 हजार रुपये विवाह समारोह के आयोजन पर व्यय किए जाते हैं। योजना का लाभ मिलने से गरीब परिवारों को अपनी बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता प्राप्त होती है और वे सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न करा पाते हैं।

पात्रता और आवेदन प्रक्रिया

योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक है। इसके लिए वधू की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा वर की आयु कम से कम 21 वर्ष होना अनिवार्य है। इच्छुक परिवार शादी अनुदान पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन के लिए आधार कार्ड, आय प्रमाणपत्र, बैंक पासबुक, जाति प्रमाणपत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जरूरत होगी। विभागीय अधिकारियों ने पात्र लोगों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है ताकि चयन प्रक्रिया पूरी कर लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जा सके।

विधानसभा स्तर पर आयोजन की तैयारी

पिछले वित्तीय वर्ष में जिले की विभिन्न तहसीलों में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में 1,134 जोड़ों का विवाह कराया गया था। इस वर्ष लाभार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रमों का आयोजन विधानसभा स्तर पर कराने पर विचार किया जा रहा है। इससे दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और अधिक से अधिक पात्र परिवार योजना से जुड़ सकेंगे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं। लाभार्थियों के चयन और आवेदन सत्यापन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सामूहिक विवाह कार्यक्रमों की तिथियां घोषित कर दी जाएंगी, जिससे पात्र परिवार समय रहते अपनी तैयारियां पूरी कर सकें।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story