Gonda News: गोण्डा में शिकायत करने पर युवक को बनाया बंधक, जातिसूचक गालियों और मारपीट का आरोप

Gonda News: गोण्डा के कर्नलगंज नगर पालिका में शिकायत करने पर युवक को कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की है।

Radheshyam Mishra
Published on: 20 May 2026 6:19 PM IST (Updated on: 20 May 2026 6:22 PM IST)
Gonda News
X

Gonda News(Photo-Social Media)

Gonda News: गोण्डा। कर्नलगंज नगर पालिका परिषद में सफाई व्यवस्था की शिकायत करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि नगर पालिका से जुड़े कुछ लोगों ने सत्ता और पद का दुरुपयोग करते हुए युवक को घेर लिया, मुख्य गेट बंद कर उसे बंधक बना लिया और जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट की। इस घटना ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली और शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कर्नलगंज नगर के गांधी नगर मोहल्ले की निवासी रजनी कनौजिया पत्नी घनश्याम कनौजिया ने कोतवाली कर्नलगंज में दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पति घनश्याम कनौजिया मंगलवार, 19 मई 2026 को नगर पालिका परिषद कर्नलगंज में सफाई व्यवस्था की शिकायत करने गए थे। आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर वहां मौजूद आशीष सिंह, सुरभि पांडेय, अनुज जायसवाल, मोनू गुप्ता और पशुपति सिंह सहित कई लोगों ने उन्हें घेर लिया। गेट बंद कर उन्हें बंधक बनाया गया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की गई।

घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई, लेकिन आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को ही कोतवाली ले लिया, जबकि आरोपी खुलेआम घूमते रहे। इस घटना से पीड़ित परिवार भय और दहशत में है। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि नगर पालिका में शिकायत करने वालों को ही प्रताड़ित किया जा रहा है, जिससे भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाना मुश्किल हो गया है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story