Gonda News: बीजेपी झंडा लगी कार के बोनट पर स्टंट, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने वाहन किया सीज

Gonda News: गोंडा में बीजेपी का झंडा लगी कार के बोनट पर खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया।

Radheshyam Mishra
Published on: 6 Aug 2026 5:58 PM IST
Gonda News
X

Gonda News(Photo-Social Media)

Gonda News: करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत कर्नलगंज कस्बे में गोंडा-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलती कार के बोनट पर युवक को लटकाकर खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने पुलिस और परिवहन विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए। वीडियो सामने आने के बाद हरकत में आई करनैलगंज पुलिस ने संबंधित वाहन को सीज कर दिया है।

वायरल वीडियो में एक युवक तेज रफ्तार कार के बोनट पर लटका दिखाई दे रहा है, जबकि कार हाईवे पर दौड़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह खतरनाक स्टंट करीब दो किलोमीटर तक किया गया। इस दौरान सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा और कई लोगों को संभावित दुर्घटना से बचने के लिए अपने वाहन किनारे करने पड़े।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह स्टंट सोशल मीडिया पर रील बनाने के उद्देश्य से किया गया था। संबंधित कार पर बीजेपी का झंडा भी लगा हुआ था, जिससे वीडियो ने और अधिक चर्चा बटोरी। पुलिस के अनुसार कार वर्तमान में तीसरे मालिक के पास है तथा स्टंट करने वाले युवक करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि थाना कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र में चलती कार के बोनट पर व्यक्ति के लटकने का वीडियो संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चलती गाड़ी पर इस प्रकार का स्टंट यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है और इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले ऐसे कृत्यों से बचने की अपील की है।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story