TRENDING TAGS :
Gonda News: चुनावी रंजिश में पत्रकार पर फायरिंग, गोली लगने से भाई समेत घायल, जांच जारी
Gonda News: गोंडा के उमरी बेगमगंज में चुनावी रंजिश के चलते पत्रकार विपिन सिंह और उनके भाई पर फायरिंग हुई। दोनों घायल हैं और अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस जांच में जुटी है।
Gonda News(Photo-Social Media)
Gonda News: जनपद में उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में बुधवार को चुनावी रंजिश के चलते हुई फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। इस हमले में पत्रकार विपिन सिंह और उनके भाई अमित सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद जिले की कानून व्यवस्था और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, पत्रकार विपिन सिंह गांव में आगामी प्रधानी चुनाव की तैयारी कर रहे थे, जिसको लेकर उनका वर्तमान प्रधान अशोक सिंह से लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात एक शादी समारोह के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जिसके बाद तनाव और बढ़ गया। आरोप है कि बुधवार को जब विपिन सिंह अपने घर पर पूजा कर रहे थे, तभी प्रधान अशोक सिंह अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और गाली-गलौज के बाद फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में विपिन सिंह की जांघ में गोली लगी, जबकि उनके भाई अमित सिंह के अंगूठे में गोली लगी। अचानक हुई फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज गोंडा रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय, क्षेत्राधिकारी तरबगंज डॉ. उमेश्वर प्रभात सिंह, उमरी बेगमगंज थाना पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद किए हैं और एक वाहन को भी कब्जे में लिया गया है।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर देकर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय पत्रकारों और ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


