Gonda News: शाहजोत गौशाला में बदहाली, भूख-प्यास से तड़प रहे गोवंश

Gonda News: गोंडा के शाहजोत गौशाला में चारा, पानी और इलाज के अभाव में गोवंश दम तोड़ रहे हैं, ग्रामीणों ने बदइंतजामी पर कार्रवाई की मांग उठाई।

Radheshyam Mishra
Published on: 26 May 2026 8:56 PM IST
Hungry cows in Shahjot Gaushala
X

शाहजोत गौशाला में बदहाली, भूख-प्यास से तड़प रहे गोवंश (Photo- Newstrack)

Gonda News: प्रदेश सरकार भले ही बेसहारा गोवंशों के संरक्षण और बेहतर देखभाल के बड़े-बड़े दावे कर रही हो, लेकिन कटरा बाजार ब्लॉक की ग्राम पंचायत शाहजोत स्थित गौशाला की तस्वीरें इन दावों की जमीनी हकीकत बयां कर रही हैं। यहां की हालत इतनी दयनीय है कि गौशाला अब संरक्षण केंद्र कम और बेजुबान गोवंशों की “मौतगाह” अधिक नजर आने लगी है।

ग्रामीणों के मुताबिक गौशाला में न तो पर्याप्त चारे की व्यवस्था है और न ही भीषण गर्मी से बचाव के लिए छांव व पानी की समुचित सुविधा।

तेज धूप और उमस के बीच कई गोवंश भूख-प्यास से बेहाल पड़े हैं। हालत यह है कि कई पशु कमजोरी के चलते ठीक से खड़े तक नहीं हो पा रहे हैं। बीमार गोवंश खुले में तड़पते नजर आ रहे हैं, जिससे लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

बेजुबान जानवर तिल-तिल कर मरने को मजबूर

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि गौशाला परिसर में हरा चारा उपलब्ध होने के बावजूद उसे गोवंशों को नहीं खिलाया जाता। आरोप है कि प्रधान प्रतिनिधि हरे चारे को अपने निजी उपयोग में ले जाते हैं, जबकि गौशाला में सिर्फ सूखा भूसा डालकर औपचारिकता पूरी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते बेजुबान जानवर तिल-तिल कर मरने को मजबूर हैं।


ग्रामीणों ने यह भी बताया कि एक बीमार गोवंश की आंख पक्षियों द्वारा नोच ली गई, लेकिन समय पर समुचित इलाज और देखभाल नहीं हो सकी। इस घटना के बाद गांव में नाराजगी और बढ़ गई है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम विकास अधिकारी राममूर्ति वर्मा ने बताया

इस मामले में ग्राम विकास अधिकारी राममूर्ति वर्मा ने बताया कि गौ आश्रय केंद्र में तीन से चार गोवंश लंबे समय से बीमार हैं, जिनका उपचार पशु चिकित्सकों की देखरेख में कराया जा रहा है। वहीं पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव प्रकाश मौर्य ने कहा कि गौशाला का समय-समय पर निरीक्षण किया जाता है तथा बीमार पशुओं का इलाज जारी है, लेकिन उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा है।

उधर, उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने वीडियो और तस्वीरों को गंभीर बताते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया गौशाला में बदइंतजामी दिखाई दे रही है। मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story