TRENDING TAGS :
Gorakhpur Triple Murder: युवक ने बड़े भाई, उसकी पत्नी और बेटे की कर दी हत्या, दहल उठा इलाका
Gorakhpur Triple Murder: गोरखपुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
Gorakhpur Triple Murder
Gorakhpur Triple Murder: प्रदेश के गोरखपुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि 16 वर्षीय किशोर ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
सोते समय किया हमला
पुलिस के अनुसार मृतक अमित गुप्ता अपनी पत्नी रंजना गुप्ता और तीन वर्षीय बेटे रेयांश के साथ कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी किशोर ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), एसपी दक्षिणी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया। वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है।
पिता की तहरीर पर दर्ज हुई एफआईआर
मृतक अमित गुप्ता के पिता की शिकायत पर बांसगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद हत्या की मुख्य वजह के रूप में सामने आया है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
इलाके में शोक का माहौल
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। खासकर तीन साल के मासूम बच्चे की हत्या ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीण घटना को लेकर स्तब्ध हैं और आरोपी के इस कदम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद घटना के सभी पहलुओं का खुलासा किया जाएगा।


