अखिलेश के रोड शो में किशोर की मौत पर योगी का सबसे तीखा हमला, बोले- ऐसी सजा देंगे कि...

CM Yogi Statement: गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान किशोर की मौत पर सीएम योगी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने घटना को निर्मम हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

Newstrack Network
Published on: 19 Nov 2026 3:40 PM IST (Updated on: 19 Nov 2026 4:11 PM IST)
अखिलेश के रोड शो में किशोर की मौत पर योगी का सबसे तीखा हमला, बोले- ऐसी सजा देंगे कि...
X

CM Yogi Statement: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान एक किशोर की मौत को लेकर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को निर्मम हत्या करार देते हुए प्रशासन को अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़कें आम लोगों के सुगम आवागमन के लिए हैं, न कि सपा और कांग्रेस के गुंडों की अराजकता के लिए। योगी ने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और माफियागिरी दिखाने वालों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिसे उनकी कई पीढ़ियां याद रखें।

मुख्यमंत्री गुरुवार को गोरखपुर के कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र के भारीवैसी में उत्तर प्रदेश के प्रथम वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के भूमि पूजन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विश्वविद्यालय का भूमि पूजन किया और कल्पवृक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

'गुंडे और माफिया डंडे के बल पर ही सीधे होंगे'

किशोर की मौत का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि झंगहा से गोरखपुर पढ़ने आए एक किशोर को सपा के रोड शो का शिकार बना दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि माफिया का संरक्षण करने वाले लोग इस घटना पर मौन हैं और उन्होंने संवेदना का एक शब्द तक नहीं बोला।

मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले गुंडों को ढूंढकर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही गुंडे और माफिया डंडे के बल पर ही सीधे होंगे। यदि किसी ने दोबारा माफियागिरी दिखाने का दुस्साहस किया तो उसे मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी।

योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए उनसे मुलाकात करने की भी घोषणा की।


विपक्ष पर मारीच का तंज, अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भक्तों को अच्छे दिनों में राम याद आते हैं, जबकि दुर्जनों को अपने अंतिम समय में मारीच की तरह राम नाम याद आता है। विपक्ष को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि हिम्मत है तो अयोध्या से नामांकन करें, आमने-सामने मुकाबला होगा। योगी ने कहा कि कायर लोग पीछे से वार करते हैं।

ओवैसी और इंडी गठबंधन पर भी साधा निशाना

सीएम योगी ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और एआईएमआईएम को एक ही थाली के चट्टे-बट्टे बताया। उन्होंने हैदराबाद से आए मौलाना का जिक्र करते हुए कहा कि वह मचल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि चुनाव परिणाम के साथ ही हैदराबाद का भाग्यलक्ष्मीपुरम बनना तय हो जाएगा।


अगले सत्र से शुरू होंगी विश्वविद्यालय की कक्षाएं

वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले शैक्षणिक सत्र से वैकल्पिक स्थान पर कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। विश्वविद्यालय के भवन का निर्माण भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा।

यहां स्नातक, परास्नातक, पीएचडी और डिप्लोमा स्तर के पाठ्यक्रम संचालित होंगे। इनमें सिल्वीकल्चर, एग्रोफॉरेस्ट्री और औद्यानिकी जैसे विषय शामिल रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय से शिक्षा, शोध और कृषि से जुड़े क्षेत्रों को नई दिशा मिलेगी।

किसानों को मिलेगा विशेष पैकेज, एग्रोफॉरेस्ट्री के नियम होंगे आसान

मुख्यमंत्री ने किसानों के मुद्दे पर कहा कि अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को गोरखपुर में 500 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है। उन्होंने जल्द ही किसानों के लिए अलग से विशेष पैकेज देने की बात भी कही। इसके साथ ही एग्रोफॉरेस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए संबंधित नियमों में संशोधन कर उन्हें सरल बनाया जाएगा।


साढ़े नौ साल में 280 करोड़ पौधे लगाने का दावा

पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए योगी आदित्यनाथ ने वैदिक सूत्र 'माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः' का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का अत्यधिक दोहन आपदाओं को जन्म देता है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, 12 जुलाई 2026 को एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाए गए, जबकि पिछले साढ़े नौ वर्षों में कुल 280 करोड़ पौधों का रोपण किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 'मन की बात' कार्यक्रम में इसका उल्लेख किया था।

कब्रिस्तान की बाउंड्री के बजाय मंदिरों के पुनरुद्धार पर खर्च हो रहा बजट

मुख्यमंत्री ने पिछली समाजवादी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस सरकार में दलितों, पिछड़ों, निषादों, यादवों, सैंथवारों, वैश्यों और ब्राह्मणों की जमीनों पर कब्जे कराए जाते थे और कब्रिस्तान की बाउंड्री बनाने के लिए सरकारी बजट खर्च किया जाता था। योगी ने कहा कि अब उसी बजट का इस्तेमाल 4,500 से अधिक मंदिरों के पुनरुद्धार के लिए किया जा रहा है।


पूर्वांचल शिक्षा और शोध का केंद्र बन रहा: पंकज चौधरी

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि पूर्वांचल अब पिछड़ेपन से बाहर निकलकर शिक्षा और शोध के केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने इस क्षेत्र का इस्तेमाल केवल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया।

पंकज चौधरी ने कहा कि आज प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना हो चुकी है और 9.5 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

पिछली सरकारों में केवल चहेतों का होता था विकास: संजय निषाद

मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि पिछली सरकारों में विकास का लाभ केवल चहेते लोगों तक सीमित रहता था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'जय जवान, जय किसान' के नारे को साकार किया है। उन्होंने यह भी बताया कि स्वीकृत मत्स्य विश्वविद्यालय का जल्द ही गोरखपुर में उद्घाटन किया जाएगा।


यूपी निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन बना: अरुण सक्सेना

वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि योगी सरकार में अपराधों में कमी आई है और उत्तर प्रदेश निवेश के लिए ड्रीम डेस्टिनेशन बन रहा है। उन्होंने प्रदेश को हरित राज्य बनाने की दिशा में हो रहे प्रयासों का भी जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का नाम ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ के नाम पर रखने का आग्रह किया।

सपा सरकार में अपराध और इंसेफेलाइटिस का बोलबाला था: रवि किशन

गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ल ने भी सपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की रैली में भाजपा कार्यकर्ता के 12 वर्षीय बेटे को कुचल दिया गया। रवि किशन ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय प्रदेश में अपराध और इंसेफेलाइटिस का बोलबाला था, जबकि अब लोगों में जमीनों पर कब्जे को लेकर डर खत्म हुआ है।

वहीं, विधायक फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से विश्वविद्यालय का शिलान्यास संभव हो पाया है। उन्होंने विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड में निश्चित कोटा निर्धारित करने की मांग भी रखी।


कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, राज्य मंत्री केपी मलिक, सांसद रवि किशन शुक्ला और विधायक फतेह बहादुर सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा महेंद्र पाल सिंह, विपिन सिंह, श्रीराम चौहान, प्रदीप शुक्ला, सरवन निषाद, ज्ञानेंद्र सिंह, जयमंगल कनौजिया, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह और ध्रुव कुमार त्रिपाठी, रमाकांत निषाद, चारू चौधरी, विनोद राय और जनार्दन तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story