इलाज के लिए नहीं भटकेंगे गरीब! CM योगी का बड़ा फैसला, आयुष्मान कार्ड के बाद भी मिलेगी आर्थिक मदद

CM Yogi Janta Darshan: गोरखपुर के जनता दर्शन में CM योगी आदित्यनाथ ने गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंदों को इलाज में मदद का भरोसा दिया। आयुष्मान कार्ड के बाद भी जरूरत पड़ने पर विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता मिलेगी।

Newstrack Network
Published on: 20 Nov 2026 11:08 AM IST
Yogi Janta Darshan
X

CM Yogi Adityanath

CM Yogi Janta Darshan: गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को इलाज के लिए अब आर्थिक तंगी के कारण परेशान नहीं होना पड़ेगा। उत्तर प्रदेश सरकार जरूरतमंदों के उपचार में हरसंभव मदद करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान यह भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए जरूरतमंदों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा। अगर इसके बाद भी आर्थिक सहायता की जरूरत पड़ती है तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान कार्ड से वंचित न रहे, ताकि बीमारी की स्थिति में उसे समय पर और निर्बाध इलाज मिल सके।

जनता दर्शन में करीब 150 लोगों की सुनी फरियाद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रार्थना पत्र लेकर शिकायतों का संज्ञान लिया।

मुख्यमंत्री ने फरियाद लेकर पहुंचे लोगों को भरोसा दिलाया कि उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है, सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए साथ खड़ी है। उन्होंने अलग-अलग मामलों से जुड़े प्रार्थना पत्र संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सौंपते हुए जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिपूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।


जमीन पर कब्जे की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ितों को न्याय दिलाने में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण करने और उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।


गोशाला में गोसेवा कर गोवंश को खिलाई रोटी-गुड़

गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही। शुक्रवार को महायोगी गुरु गोरखनाथ और अपने ब्रह्मलीन गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लेने के बाद वह मंदिर की गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोवंश को अपने हाथों से रोटी और गुड़ खिलाया।

गोशाला में मुख्यमंत्री ने भोलू नाम के बछड़े और छुटकी नाम की बछिया को आवाज देकर अपने पास बुलाया और उन्हें दुलार किया। इस दौरान गोवंश भी मुख्यमंत्री के करीब आने के लिए उत्साहित नजर आए।

जब गोवंश रोटी और गुड़ खाने के लिए उनके पास आने लगे तो मुख्यमंत्री ने उन्हें प्यार से समझाते हुए कहा, 'अपनी जगह पर ही रहो नहीं तो चोट लग जाएगी।' इसके बाद उन्होंने गोवंश के साथ कुछ समय बिताया और उन पर स्नेह जताया।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story