Gorakhpur News: सीएम योगी ने नौ कन्याओं के पांव पखारकर किया पूजन, चुनरी ओढ़ाकर भेंट किए उपहार

Gorakhpur News: शारदीय नवरात्र की महानवमी पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में नौ दुर्गा स्वरूपा कन्याओं का पूजन किया। कन्याओं के पांव पखारकर भोजन, दक्षिणा और उपहार दिए।

Newstrack Network
Published on: 19 Oct 2026 3:21 PM IST
CM Yogi Kanya Pujan
X

CM Yogi Kanya Pujan (Image Credit-Social Media)

गोरखपुर, 19 अक्टूबर। मातृ शक्ति के प्रति अगाध श्रद्धा रखने और उनके सम्मान व स्वावलंबन के लिए अनेक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने वाले मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को शारदीय नवरात्र की महानवमी तिथि पर गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुरूप कन्या पूजन किया। गोरखनाथ मंदिर में आयोजित इस अनुष्ठान में गोरक्षपीठाधीश्वर ने नौ दुर्गा स्वरूपा कन्याओं के पांव पखारे। उनका विधि विधान से पूजन किया, चुनरी ओढ़ाई, आरती उतारी और श्रद्धापूर्वक भोजन कराया। दक्षिणा व उपहार देकर उनका आशीर्वाद भी लिया। मुख्यमंत्री ने परंपरा का निर्वहन करते हुए बटुक पूजन भी किया।

पीतल की परात में पखारे पांव

गोरक्षपीठाधीश्वर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र के प्रथम तल स्थित भोजन कक्ष में पीतल की परात में जल से नौ नन्ही बालिकाओं के पांव धोए। श्रीदुर्गासप्तशती के मंत्रों की गूंज के बीच उनके माथे पर रोली, चंदन, दही, अक्षत आदि का तिलक लगाया। पुष्प और शक्तिपीठ की वेदी पर उगाए गए जौ के ज्वारे से उनका अभिषेक किया। माला पहनाकर, चुनरी ओढ़ाकर, उपहार एवं दक्षिणा प्रदान कर आशीर्वाद लिया।

कन्याओं व बटुकों की उतारी आरती

सीएम योगी ने पूजन के बाद कन्याओं और बटुकों को मंदिर की रसोई में पकाया गया ताजा भोजन प्रसाद अपने हाथों से परोसा। नौ कन्याओं के अतिरिक्त बड़ी संख्या में पहुंची बालिकाओं और बटुकों का भी मुख्यमंत्री ने पूजन कर आरती उतारी। अन्न क्षेत्र के प्रथम तल के साथ ही भूतल पर भी कन्या भोज की व्यवस्था की गई थी। भोज में सभी कन्याओं और बटुकों को श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर उपहार व दक्षिणा दी गई।

स्नेह व सत्कार का संगम

बच्चों से विशेष लगाव रखने वाले मुख्यमंत्री का प्यार-दुलार पाने के लिए नन्ही बालिकाओं व बटुकों की आतुरता देखते ही बन रही थी। सत्कार और स्नेह के भाव से मुख्यमंत्री ने एक-एक कर नौ कन्याओं व बटुक भैरव के पांव पखारे और पूजन किया। इसके बाद कन्याओं व बटुकों को स्वयं अपने हाथों से भोजन परोसते समय सीएम योगी निरंतर उनसे आत्मीय संवाद भी करते रहे। यह भी ख्याल रखते रहे कि किसी भी कन्या या बटुक की थाली में प्रसाद की कोई कमी न रहे। इसे लेकर वह मंदिर की व्यवस्था से जुड़े लोगों को भी निर्देशित करते रहे।

कन्या पूजन के दौरान गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास सहित कई साधु-संत उपस्थित रहे। सीएम योगी ने कन्या पूजन से पूर्व सोमवार प्रातःकाल के पूजन सत्र में मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से आराधना भी की।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story