Gorakhpur News: सीएम योगी का पीआरडी जवानों को बड़ा तोहफा, दैनिक ड्यूटी भत्ता बढ़कर 600 रुपये हुआ

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी जवानों का दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़ाकर 600 रुपये करने की घोषणा की। स्वयंसेवकों और परिवार को हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज मिलेगा।

Newstrack Network
Published on: 18 Aug 2026 3:20 PM IST
Gorakhpur News
X

Gorakhpur News (Image Credit-Social Media)

गोरखपुर, 18 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के स्वयंसेवकों को बड़ी सौगात देते हुए उनके दैनिक ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा की। अब पीआरडी जवानों को 500 रुपये के स्थान पर 600 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलेगा। इसके साथ ही पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध होगी।

गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित पीआरडी स्वयंसेवकों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड भी वितरित किए। इसके अलावा लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी रिमोट के माध्यम से किया।

500 से बढ़कर 600 रुपये हुआ दैनिक भत्ता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 1948 में पीआरडी का गठन हुआ था और लंबे समय तक स्वयंसेवकों को महज 250 रुपये दैनिक ड्यूटी भत्ता मिलता था। वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर 375 रुपये, 2022 में 395 रुपये और वर्ष 2025 में 500 रुपये किया गया था।

अब सरकार ने एक बार फिर इसमें बढ़ोतरी करते हुए 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले करीब आठ वर्षों में दैनिक भत्ते में 250 रुपये से 600 रुपये तक की वृद्धि हुई है।

31 हजार से अधिक पीआरडी जवानों को मिलेगा लाभ

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था में पीआरडी स्वयंसेवक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आपदा प्रबंधन, महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, यातायात व्यवस्था और चुनाव ड्यूटी समेत विभिन्न अवसरों पर पीआरडी जवान पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करते हैं।

इसी सेवाभाव को देखते हुए सरकार ने अब पीआरडी जवानों और उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने का निर्णय लिया है। इसके तहत 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों को सरकारी और सरकार से संबद्ध अस्पतालों में हर साल 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। परिवार के सदस्यों को शामिल करने पर इस योजना से 1.55 लाख से अधिक लोग लाभान्वित होंगे।

‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ शुरू

सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने 10 पीआरडी स्वयंसेवकों को अपने हाथों से कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित किए। इनमें गोरखपुर के अजय, भीमसेन, धीरेंद्र और उमेश कुमार, लखनऊ की स्नेहलता रावत और अनामिका वर्मा, कुशीनगर की चंदा भारती, मऊ के जय सिंह, चंदौली के मोहम्मद शाकिर और वाराणसी के किशन गुप्ता शामिल रहे।

23 करोड़ रुपये से बनेगा बहुमंजिला पीआरडी बैरक

मुख्यमंत्री ने लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का भी शिलान्यास किया। सरकार का कहना है कि इससे पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित होंगी।

पीआरडी का बजट 543 करोड़ रुपये पहुंचा

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि पीआरडी के जवान शांति, सुरक्षा और जनसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनके मुताबिक वर्ष 2017 से पहले पीआरडी का बजट करीब 23 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पीआरडी के संसाधनों और स्वयंसेवकों की सुविधाओं में लगातार विस्तार किया जा रहा है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story