TRENDING TAGS :
Gorakhpur News: 31 हजार से अधिक PRD जवानों को मिलेगा पांच लाख तक स्वास्थ्य बीमा, योगी का ऐलान
Gorakhpur News: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 31 हजार से अधिक PRD जवानों के लिए पांच लाख रुपये तक स्वास्थ्य बीमा का ऐलान किया।
Gorakhpur News(Photo-Social Media)
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के स्वयंसेवकों के लिए बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 31 हजार से अधिक PRD स्वयंसेवकों को सालाना 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना के तहत स्वयंसेवकों के साथ उनके परिवार के सदस्यों को भी उपचार की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा कि PRD के जवान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और विभिन्न महत्वपूर्ण अवसरों पर प्रशासन का सहयोग करने में अहम भूमिका निभाते हैं। सरकार उनके कल्याण और सुविधाओं को लगातार बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ सरकार द्वारा सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी उपचार कराया जा सकेगा। इससे PRD स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारी या महंगे इलाज के दौरान आर्थिक मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने PRD जवानों को मिलने वाले ड्यूटी भत्ते में हुई बढ़ोतरी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में PRD स्वयंसेवकों का ड्यूटी भत्ता 250 रुपये प्रतिदिन था, जिसे वर्ष 2025 में बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है। यानी पिछले कुछ वर्षों में ड्यूटी भत्ते को दोगुना किया गया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का उद्देश्य PRD स्वयंसेवकों को बेहतर सुविधाएं और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधा से न केवल स्वयंसेवकों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी, बल्कि उनके परिवारों को भी इलाज के खर्च की चिंता से राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार की इस घोषणा को PRD स्वयंसेवकों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


