गोरखपुर रथयात्रा में 14 साल के किशोर की मौत, FIR दर्ज; छह आरोपियों समेत 50-60 अज्ञात पर केस

Gorakhpur Rath Yatra Accident: गोरखपुर में सपा की रथयात्रा के दौरान जीप की टक्कर से 14 वर्षीय किशोर की मौत के मामले में FIR दर्ज हुई है। पुलिस ने छह आरोपियों और 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Rajan Kashyap
Published on: 19 Nov 2026 11:51 AM IST
14 Year Old Boy Death
X

SP Rath Yatra

Gorakhpur Rath Yatra Accident: गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित रथयात्रा के दौरान हुए हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। शिकायतकर्ता ओंकार सिंह की तहरीर पर छह आरोपियों और 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर में रथयात्रा में शामिल जीप के चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। हादसे में किशोर की जान चली गई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

रथयात्रा में शामिल जीप की चपेट में आया था किशोर

एफआईआर के मुताबिक, घटना 18 नवंबर 2026 की दोपहर करीब 2:30 बजे की है। शिकायतकर्ता ओंकार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 14 वर्षीय बेटा आयुवर्धन सिंह घरेलू काम से मुख्य मार्ग की ओर गया था। इसी दौरान समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित रथयात्रा में शामिल जीप नंबर UP53ET6053 वहां से गुजर रही थी।

आरोप है कि जीप चालक लापरवाहीपूर्वक तेज गति से और खतरनाक तरीके से वाहन चला रहा था। इसी दौरान जीप ने किशोर को टक्कर मार दी। शिकायत में कहा गया है कि टक्कर लगने से किशोर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। इसके बाद जीप चालक को पकड़ने के लिए कुछ लोग दौड़े, लेकिन आयोजन समिति के लोग घायल किशोर को मौके पर छोड़कर चले गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

शिकायतकर्ता के मुताबिक, हादसे के बाद अनुपम सिंह और अन्य राहगीरों की मदद से घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत के बाद पिता ने पुलिस से मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

छह आरोपियों और 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR

पुलिस ने 19 नवंबर 2026 को रात 2:30 बजे एफआईआर दर्ज की। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) और 281 लगाई गई हैं। एफआईआर में जीप चालक के अलावा साधु यादव उर्फ साधु भइया, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू, योगेश यादव और चंद्र प्रकाश का नाम दर्ज है। इसके साथ ही 50-60 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

एफआईआर में जीप चालक का नाम अज्ञात दर्ज है, जबकि वाहन का नंबर UP53ET6053 बताया गया है। घटना स्थल झंगहा थाना क्षेत्र में महादेव झारखंडी गेट के पास बताया गया है।

मोनू कुमार को सौंपी गई जांच

एफआईआर में मामले की जांच उपनिरीक्षक मोनू कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अब जांच के दौरान हादसे की परिस्थितियों, जीप चालक की भूमिका और रथयात्रा में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी।

Rajan Kashyap
ABOUT THE AUTHOR

Rajan Kashyap

Reporter - LucknowRajan.kashyap47@gmail.com
Next Story