Gorakhpur News: सैफई के विकास मॉडल पर योगी का हमला, प्रदेश का पैसा विदेश में बच्चों के लिए रखते थे

Gorakhpur News: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सैफई के विकास मॉडल पर निशाना साधते हुए विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।

Anjali Soni
Published on: 18 Aug 2026 1:02 PM IST
Gorakhpur News
X

Gorakhpur News(Photo-Social Media)

Gorakhpur News: गोरखपुर में मंगलवार को महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन धरा पर प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी जवानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित ग्राम-एटर पश्चिम में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास किया। साथ ही मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के करीब 31 हजार प्रांतीय रक्षक दल के जवानों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य बीमा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके तहत करीब 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार पीआरडी जवानों के कल्याण और उनके सम्मान के लिए लगातार काम कर रही है।

योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी जवानों के दैनिक भत्ते का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में जहां पीआरडी जवानों को 250 रुपये प्रतिदिन का भत्ता मिलता था, वहीं वर्ष 2025 में इसे बढ़ाकर 500 रुपये किया गया। अब सरकार इसे बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने जा रही है। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में विकास के बजाय सैफई के विकास और परिवार के विकास पर ध्यान दिया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू आम बात थे और बेटियां सुरक्षित नहीं थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारें माफिया के सामने घुटने टेकती थीं और उन्हें संरक्षण दिया जाता था। उन्होंने दावा किया कि आज प्रदेश में दंगाई और माफिया रसातल में चले गए हैं। योगी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा और विकास है। उन्होंने पिछली सरकारों पर अवैध कमाई का पैसा विदेशों में रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता के पैसे का इस्तेमाल अपने परिवार और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए किया जाता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक पीआरडी जवानों को मिलने वाला दैनिक भत्ता 250 रुपये तक सीमित रहा, लेकिन उनकी सरकार ने इसे बढ़ाकर 600 रुपये तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने जवानों से अपील की कि समाज में जाति और धर्म के नाम पर बांटने वाली राजनीति से दूर रहें और प्रदेश की एकता व सुरक्षा के लिए काम करें।

Anjali Soni
ABOUT THE AUTHOR

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.comtheanjalisonisoni111@gmail. com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story