TRENDING TAGS :
Gorakhpur News: गोरखनागरी में भी होंगे इंटरनेशनल मैच, 16 मई को सीएम करेंगे स्टेडियम का शिलान्यास
Gorakhpur News: गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट मैचों की तैयारी के तहत नए स्टेडियम का निर्माण होगा। 16 मई को मुख्यमंत्री इसका शिलान्यास करेंगे, जिससे खेल प्रेमियों में उत्साह है।
Gorakhpur News(Photo-Social Media)
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर अब आने वाले समय में सिर्फ धार्मिक और विकास कार्यों के लिए ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए भी जाना जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 16 मई को गोरखपुर में बनने वाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे। यहां गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित ताल नदोर में बनने वाला यह स्टेडियम पूर्वांचल का पहला और उत्तर प्रदेश का चौथा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम होगा। इस परियोजना पर करीब 392.94 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य के लिए पहली किस्त के रूप में 63.39 करोड़ रुपये जारी भी किए जा चुके हैं।
शुरू हो चुका है निर्माण का प्रारंभिक काम
स्टेडियम निर्माण के लिए एलाइनमेंट, मिट्टी भराई, लेवलिंग और बड़े निर्माण उपकरणों को लगाने का काम भी शुरू हो गया है। प्रशासन का कहना है कि परियोजना को तय समय पर पूरा कराने के लिए तेजी से काम कराया जा रहा है। गोरखपुर में बनने वाला यह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल माना जा रहा है।
यूपी का चौथा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनेगा गोरखपुर
गोरखपुर से पहले उत्तर प्रदेश में कानपुर और लखनऊ में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम मौजूद हैं, जबकि वाराणसी में भी स्टेडियम का निर्माण चल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब गोरखपुर में भी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाने की मंशा जताई, तब सबसे बड़ी चुनौती अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पर्याप्त जमीन उपलब्ध कराने की थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित ताल नदोर में जमीन चिन्हित की। लोक निर्माण विभाग को इस परियोजना की कार्यदायी संस्था बनाया गया है और लक्ष्य रखा गया है कि 23 दिसंबर 2027 तक स्टेडियम का निर्माण पूरा कर लिया जाए।
30 हजार दर्शकों की होगी क्षमता
गोरखपुर में बनने वाला यह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम करीब 46 एकड़ क्षेत्र में तैयार होगा। स्टेडियम की दर्शक क्षमता लगभग 30 हजार होगी। यह स्टेडियम ग्राउंड प्लस टू फ्लोर मॉडल पर बनाया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए यहां सात प्लेइंग पिच और चार प्रैक्टिस पिच बनाई जाएंगी। स्टेडियम के पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड में 14,490-14,490 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। वहीं नार्थ पैवेलियन मीडिया के लिए और साउथ पैवेलियन विशिष्ट मेहमानों के लिए तैयार किया जाएगा।
रात्रिकालीन मैचों की भी होगी सुविधा
स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर के रात्रिकालीन मैचों के आयोजन के लिए चार हाई मास्ट लाइट भी लगाई जाएंगी। इसके साथ ही यहां क्रिकेट के अलावा दूसरे बड़े आयोजन भी कराए जा सकेंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे गोरखपुर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का बड़ा केंद्र बन सकता है।
एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन से शानदार कनेक्टिविटी
कनेक्टिविटी के लिहाज से भी स्टेडियम की लोकेशन को काफी बेहतर माना जा रहा है। यह स्थान गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन राजमार्ग से जुड़ा हुआ है। स्टेडियम गोरखपुर एयरपोर्ट से करीब 24 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित होगा। इससे खिलाड़ियों और दर्शकों को आने-जाने में आसानी होगी।
विकास और रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा
जिलाधिकारी दीपक मीणा का कहना है कि ताल नदोर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनने से गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर बहुआयामी विकास को नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस इलाके में पहले से पशु चिकित्सा महाविद्यालय और वृहद कान्हा गोशाला का निर्माण भी चल रहा है। ऐसे में आने वाले समय में यहां व्यापार और सेवा क्षेत्र का विस्तार होगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।


