Gorakhpur News: विश्वकर्मा जयंती पर योगी का संदेश, कारीगरों को टूलकिट, प्रशिक्षण और सस्ता ऋण दे रही सरकार

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में कारीगरी और हस्तशिल्प से 3 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है। कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट और ऋण की सुविधा दी जा रही है।

Newstrack Network
Published on: 17 Sept 2026 11:59 AM IST (Updated on: 17 Sept 2026 12:00 PM IST)
CM Yogi on Vishwakarma Jayanti
X

CM Yogi on Vishwakarma Jayanti (Image Credit-Social Media)

गोरखपुर, 17 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अलग-अलग तरह की कारीगरी और हस्तशिल्प के माध्यम से तीन करोड़ से अधिक लोग रोजगार प्राप्त कर रहे हैं और स्वावलंबन का जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि पारंपरिक कारीगरों और हस्तशिल्पियों के हुनर को आधुनिक तकनीक, नए बाजार, बेहतर पैकेजिंग और डिजाइनिंग से जोड़ने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर गोरखपुर के श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर में आयोजित विश्वकर्मा पूजनोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की और कारीगरों एवं हस्तशिल्पियों के योगदान को रेखांकित किया।

कारीगरों को टूलकिट, प्रशिक्षण और सस्ते ऋण की सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक पारंपरिक कारीगरों और हस्तशिल्पियों की उपेक्षा होती रही। पहली बार सरकार ने उनकी जरूरतों को समझते हुए उनके स्वावलंबन के लिए ठोस कदम उठाए हैं।

उन्होंने बताया कि कारीगरों को टूलकिट उपलब्ध कराने के साथ प्रशिक्षण और बैंक से सस्ते ऋण की सुविधा दी जा रही है। इससे पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े लोगों को अपने हुनर को आगे बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर तैयार करने में मदद मिल रही है।

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में सरकार बनने के बाद पारंपरिक कारीगरों और हस्तशिल्पियों को आगे बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम शुरू किया गया। इसका परिणाम है कि आज प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक लोग कारीगरी और हस्तशिल्प के माध्यम से रोजगार प्राप्त कर रहे हैं।

‘पीएम विश्वकर्मा’ से कारीगरों को मिला नया मंच

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पारंपरिक कारीगरों और हस्तशिल्पियों को ‘पीएम विश्वकर्मा’ के माध्यम से एक मंच उपलब्ध कराया है। राजमिस्त्री, बढ़ई, सुनार, हलवाई समेत विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगर लंबे समय से समाज के स्वावलंबन का आधार रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पारंपरिक कारीगरी को बदलते समय के अनुरूप आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक से जोड़ना जरूरी है। इसके साथ ही उत्पादों की पैकेजिंग और डिजाइनिंग पर ध्यान देने तथा नए बाजारों तक पहुंच बनाने से कारीगरों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक अवसर मिल सकते हैं।

‘कारीगरों का सम्मान करने वाला देश आगे बढ़ता है’

सीएम योगी ने कहा कि भारतीय परंपरा में भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि के शिल्पी और कारीगरों के देवता के रूप में पूजा जाता है। विश्वकर्मा जयंती कारीगरी, कला और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि जो देश अपने कारीगरों और हस्तशिल्पियों का सम्मान करता है, वह आगे बढ़ता है। आत्मनिर्भर और विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में कारीगरों, हस्तशिल्पियों, युवा शक्ति और नारी शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।

विश्वकर्मा जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी को दी बधाई

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की जयंती के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। उन्होंने बाबा गोरखनाथ की धरती से उत्तर प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नए भारत और विकसित भारत के संकल्प को उनके नेतृत्व में देश आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने बाबा गोरखनाथ और भगवान विश्वकर्मा से प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।

हर साल मंदिर आना सौभाग्य की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें प्रत्येक वर्ष श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर आने का अवसर मिलता है और यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि दशकों पहले जिस भावना के साथ मंदिर की व्यवस्था को आगे बढ़ाने का कार्य शुरू हुआ था, उसे आज भी लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान विश्वकर्मा से संबंधित पुस्तक का विमोचन भी किया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश महामंत्री साकेत मिश्रा, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता समेत मंदिर समिति और विश्वकर्मा समाज से जुड़े लोग मौजूद रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story