Gorakhpur News: ‘सैफई सिंडिकेट’ तक सीमित था यूपी का विकास, आज देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बना प्रदेश: योगी

Gorakhpur News: सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले यूपी का विकास सैफई सिंडिकेट तक सीमित था। उन्होंने 2017 के बाद प्रदेश की प्रगति और अर्थव्यवस्था में वृद्धि का दावा किया।

Newstrack Network
Published on: 18 Aug 2026 4:34 PM IST (Updated on: 18 Aug 2026 4:35 PM IST)
Uttar Pradesh Development
X

Uttar Pradesh Development (Image Credit-Social Media)

गोरखपुर, 18 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों के सम्मेलन में पूर्व की सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश का विकास एक सीमित राजनीतिक समूह तक सिमटा हुआ था, जबकि आज उत्तर प्रदेश में सर्वसमावेशी विकास पर जोर दिया जा रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि पूर्व की सरकारों के एजेंडे में प्रदेश का विकास नहीं था। उनका आरोप था कि उस समय विकास का लाभ एक सीमित ‘सैफई सिंडिकेट’ तक ही सीमित रह गया था। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में जो बदलाव और प्रगति हुई है, वह सरकार और जनता के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

‘2017 के बाद बदली प्रदेश की तस्वीर’

गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गांव, गरीब, नौजवान, महिलाओं और किसानों के साथ-साथ सरकारी कर्मचारियों और सुरक्षा बलों के सम्मान, सुविधा और संरक्षण के लिए काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि जब सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की दिशा में प्रयास किए जाते हैं तो उसका परिणाम व्यापक परिवर्तन के रूप में सामने आता है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू, अव्यवस्था और माफिया का प्रभाव बड़ी समस्या थे, जबकि अब कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है।

‘माफिया को प्रश्रय देकर यूपी को बना दिया था बीमारू’

सीएम योगी ने पूर्व की सरकारों पर माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे प्राकृतिक और मानव संसाधनों से समृद्ध राज्य को पिछड़े राज्यों की श्रेणी में पहुंचा दिया गया था।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास उपजाऊ भूमि, बड़ी युवा आबादी, प्रगतिशील किसान, शिक्षित बेटियां और सक्षम व्यापारी हैं। इसके बावजूद पूर्व की व्यवस्थाओं में प्रदेश को ‘बीमारू’ राज्य के रूप में देखा जाने लगा था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश से माफिया और दंगाइयों का प्रभाव समाप्त हो चुका है। सड़क, बिजली और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में बदलाव दिखाई दे रहा है।

‘यूपी अब देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन’

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था में हुई वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है।

उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना हुई है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इसी तरह प्रति व्यक्ति आय करीब 43 हजार रुपये से बढ़कर 1.20 लाख रुपये हो गई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश का वार्षिक बजट भी करीब तीन लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 9.70 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

पीआरडी जवानों को ‘राष्ट्र प्रथम’ का संदेश

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में पीआरडी स्वयंसेवकों को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है।

उन्होंने स्वयंसेवकों को आगाह किया कि कुछ लोग जाति, क्षेत्र, भाषा या अन्य मुद्दों के आधार पर समाज को बांटने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे तत्वों से सतर्क रहते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना सभी का दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘देश प्रथम’ का भाव ही सभी के लिए सर्वोच्च होना चाहिए और देश की सुरक्षा तथा सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story