TRENDING TAGS :
ग्रेटर नोएडा में गैस सिलेंडर ने उजाड़ा परिवार, पिता-पुत्र की मौत; 2 दिसंबर को होनी थी बेटी की शादी
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के एक गांव में गैस सिलेंडर लीक होने से घर में आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गईं। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।
प्रतीकात्मक फोटो
Noida Gas Cylinder Blast: ग्रेटर नोएडा में एक बड़ा हादसा हो गया, जिससे शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। यहां जेवर इलाके में गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण एक घर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में पिता और बेटे की मौत हो गई, जबकि बहू और दो साल का मासूम पोता गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा में सोमवार, 23 नवंबर को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पर जेवर थाना क्षेत्र के दयानतपुर गांव में गैस सिलेंडर से गैस लीक होने के बाद घर में आग लग गई। हादसे में परिवार के दो सदस्यों की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए। मृतकों की पहचान 56 वर्षीय वीरपाल और उनके 24 वर्षीय बेटे अभिषेक के रूप में हुई है। वहीं, अभिषेक की पत्नी काजल (22) और उनका दो वर्षीय बेटा आदित्य भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
माचिस जलाते ही घर में हुआ धमाका
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर में रखे गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव हो रहा था। इसी दौरान परिवार की एक महिला ने खाना बनाने के लिए माचिस जलाई। माचिस जलाते ही घर में आग लग गई और सिलेंडर में विस्फोट हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस हादसे में वीरपाल और अभिषेक बुरी तरह झुलस गए और उनकी मौत हो गई।
बेटी की शादी की चल रही थीं तैयारियां
इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिवार में 2 दिसंबर को बेटी की शादी होनी थी। पिता वीरपाल और बेटा अभिषेक शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। घर में जहां शादी की खुशियां आने वाली थीं, वहां अब दो मौतों से मातम छा गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जानकारी में गैस रिसाव को हादसे की वजह बताया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


