Hamirpur News: मारपीट से आहत विवाहिता बच्चे संग तालाब में कूदी, मासूम की मौत

Hamirpur News: हमीरपुर के मुस्करा थाना क्षेत्र के हुसैना गांव में पारिवारिक विवाद और मारपीट से आहत विवाहिता मासूम बच्ची को लेकर तालाब में कूद गई। बच्ची की मौत हो गई, जबकि महिला का इलाज जारी है।

Ravindra Singh
Published on: 12 March 2026 5:19 PM IST
Diving in pond with married child hurt by marpeet, innocent dead
X

मारपीट से आहत विवाहिता बच्चे संग तालाब में कूदी, मासूम की मौत (Photo- Newstrack)

Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। मुस्करा थाना क्षेत्र के हुसैना गांव में पारिवारिक विवाद और कथित मारपीट से आहत एक विवाहिता ने अपने मासूम बच्चे के साथ गांव के तालाब में छलांग लगा दी। इस हादसे में मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि महिला को ग्रामीणों और पुलिस की मदद से बचा लिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में रेस्क्यू अभियान चलाया।

ग्रामीणों और पुलिस ने किया रेस्क्यू

बताया जा रहा है कि घटना गुरुवार सुबह की है। विवाहिता अपने छोटे बच्चे को लेकर गांव के तालाब की ओर गई और अचानक तालाब में कूद गई। आसपास मौजूद लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो तुरंत शोर मचाया और बचाव का प्रयास शुरू किया।

ग्रामीणों की मदद से महिला और बच्चे को तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों को तत्काल मुस्करा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया।

डॉक्टर ने मासूम को किया मृत घोषित

मुस्करा सीएचसी में मौजूद डॉक्टरों ने बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने मासूम बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं विवाहिता का प्राथमिक उपचार किया गया और उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सीएचसी के डॉक्टर संतोष कुमार के अनुसार बच्ची को अस्पताल लाते समय उसकी स्थिति बेहद गंभीर थी और जांच के बाद उसे मृत घोषित करना पड़ा।

ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप

घटना के बाद महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

बीती रात भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसके साथ मारपीट की गई। इसी से आहत होकर उसने यह कदम उठा लिया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला के परिजनों और ससुराल पक्ष से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। एक मासूम की मौत से पूरा गांव गमगीन है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story