TRENDING TAGS :
Hapur News: 15 वर्षीय किशोरी लापता, युवक पर लगा बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
Hapur News: हापुड़ में 15 वर्षीय किशोरी के लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल है। परिजनों ने एक युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव इम्टौरी से एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के अचानक गायब होने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने काफी तलाश के बाद पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। पीड़ित पिता ने गांव के ही एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है।
अरमार खान पर लगे आरोप
यहां हाफिजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने थाने में गई तहरीर में बताया है कि, उनकी 15 वर्षीय पुत्री 28 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अरमार खान नामक युवक उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायतकर्ता ने आरोपी का मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों को बेटी की सुरक्षा की चिंता
वहीं किशोरी के लापता होने के बाद से परिवार के लोग बेहद परेशान हैं। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी नाबालिग है और उसकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बनी हुई हैं। परिवार ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द बेटी को सकुशल बरामद करने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम जैसा माहौल बना हुआ है और सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, तलाश में जुटी टीमें
वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना हाफिजपुर पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर किशोरी और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, पुलिस संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर दबिश देने की तैयारी कर रही है ताकि किशोरी को जल्द से जल्द बरामद किया जा सके।
थाना प्रभारी बोले- जल्द होगी बरामदगी
वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि, पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस की टीम लगातार कार्रवाई में जुटी है। उन्होंने कहा है कि, "किशोरी की सकुशल बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है। जल्द ही उसे बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"


