Hapur News: मोबाइल और डेबिट कार्ड चोरी कर खाते से उड़ाए 2.92 लाख, परिवार में मचा हड़कंप

Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ में मोबाइल और डेबिट कार्ड चोरी कर बदमाशों ने खाते से 2.92 लाख रुपये उड़ाए, पुलिस जांच में जुटी।

Avnish Pal
Published on: 16 Jun 2026 2:30 PM IST
Hapur News: मोबाइल और डेबिट कार्ड चोरी कर खाते से उड़ाए 2.92 लाख, परिवार में मचा हड़कंप
X

Hapur News: उत्तर प्रदेश के जनपद के बाबूगढ़ छावनी क्षेत्र में साइबर अपराध और चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति का मोबाइल फोन और डेबिट कार्ड चोरी कर बैंक खाते से करीब तीन लाख रुपये निकाल लिए। खाते से लाखों रुपये निकलने की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार के होश उड़ गए। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

UPI से जुड़ा था मोबाइल

प्राप्त जानकारी के अनुसार बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव मुक्तेश्वरा निवासी देवेंद्र सिंह ने थाना बाबूगढ़ में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके भाई अमित कुमार और भाभी अर्चना का भारतीय स्टेट बैंक की गढ़मुक्तेश्वर शाखा में संयुक्त बैंक खाता संचालित है। आरोप है कि 11 जून को किसी अज्ञात व्यक्ति ने अमित कुमार का मोबाइल फोन और डेबिट कार्ड चोरी कर लिया। मोबाइल फोन बैंक खाते, यूपीआई और अन्य डिजिटल बैंकिंग सेवाओं से जुड़ा हुआ था।

एक दिन में खाते से गायब हो गए लाखों रुपये

पीड़ित परिवार को घटना की भनक तब लगी जब 12 जून को बैंक खाते की जानकारी ली गई। खाते की जांच करने पर पता चला कि अज्ञात बदमाशों ने चोरी किए गए मोबाइल फोन और डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करते हुए विभिन्न ऑनलाइन और बैंकिंग ट्रांजेक्शनों के जरिए खाते से कुल 2 लाख 92 हजार 92 रुपये निकाल लिए। खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ितों ने तुरंत बैंक से संपर्क किया और बाद में पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।

पुलिस को सौंपे बैंक रिकॉर्ड और मोबाइल की जानकारी

देवेंद्र सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बैंक स्टेटमेंट, संदिग्ध ट्रांजेक्शन का विवरण तथा चोरी हुए मोबाइल फोन का आईएमईआई नंबर भी उपलब्ध कराया है। पीड़ित पक्ष ने मांग की है कि बैंकिंग रिकॉर्ड, एटीएम और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, यूपीआई ट्रांजेक्शन और संबंधित मोबाइल नंबरों की जांच कर आरोपितों की पहचान की जाए।साथ ही चोरी की गई धनराशि वापस दिलाने और मोबाइल फोन बरामद करने की भी मांग की गई है।

जांच में जुटी पुलिस

थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस साइबर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। बैंक खातों से जुड़े लेनदेन, मोबाइल लोकेशन, यूपीआई ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस की टीम सक्रिय है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बढ़ रहे साइबर अपराध

विशेषज्ञों का कहना है कि मोबाइल फोन और डेबिट कार्ड चोरी होने की स्थिति में तुरंत बैंक हेल्पलाइन पर कॉल कर कार्ड ब्लॉक कराना चाहिए। साथ ही मोबाइल नंबर और यूपीआई सेवाओं को भी तत्काल बंद कराने का प्रयास करना चाहिए, ताकि खाते में जमा रकम सुरक्षित रह सके।हापुड़ में सामने आई यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि डिजिटल बैंकिंग के दौर में थोड़ी सी लापरवाही भी लाखों रुपये के नुकसान का कारण बन सकती है। पुलिस अब तकनीकी जांच के जरिए उन बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है जिन्होंने कुछ ही घंटों में बैंक खाते से लाखों रुपये पार कर दिए।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

Next Story