Hapur News: नहाने गए युवक पर जातिसूचक टिप्पणी के बाद हमला, पीटकर किया घायल, पुलिस जांच में जुटी

Hapur News: पुल पर नहाने गए एक युवक पर कथित जातिसूचक टिप्पणी के बाद हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीटकर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Avnish Pal
Published on: 11 Jun 2026 6:37 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: जनपद के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में जातिसूचक टिप्पणी और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। गांव बनखंड़ा स्थित एक पुल पर नहाने गए युवक के साथ कुछ लोगों ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पुल पर नहाने गया था युवक, शुरू हुआ विवाद

पुलिस को दी गई तहरीर में गांव बनखंड़ा निवासी सोनू ने बताया कि बुधवार को वह गांव के पास बने पुल पर नहाने के लिए गया था। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद कुछ युवक शराब का सेवन कर रहे थे। आरोप है कि युवकों ने उसे देखकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित करना शुरू कर दिया।सोनू के अनुसार जब उसने इस व्यवहार का विरोध किया तो आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी फरार

घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पीड़ित के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया।

पीड़ित ने थाने में दी तहरीर, कार्रवाई की मांग

उपचार के बाद गुरुवार सुबह पीड़ित सोनू बाबूगढ़ थाने पहुंचा और पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

Next Story