Hapur News: मकान देखने पहुंचे युवक से मारपीट, दो पर FIR दर्ज

Hapur News: हापुड़ के चमन विहार में अपना मकान देखने पहुंचे युवक पर पड़ोसियों ने हमला कर दिया। मारपीट के बाद जान से मारने की धमकी देने का आरोप, दो पर मुकदमा दर्ज।

Avnish Pal
Published on: 1 Jun 2026 12:33 PM IST
youth Beaten who reached to see house, FIR registered on two
X

मकान देखने पहुंचे युवक से मारपीट, दो पर FIR दर्ज (Photo- Newstrack)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के थाना देहात क्षेत्र के चमन विहार मोहल्ले में अपना मकान देखने पहुंचे एक युवक पर कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले दो लोगों ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर युवक के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दोस्त को मकान दिखाने गया था युवक

जानकारी के अनुसार मोहल्ला चैनापुरी निवासी साजिद 30 मई की शाम करीब साढ़े छह बजे अपने मित्र शफीक के साथ चमन विहार स्थित अपने मकान पर पहुंचा था। बताया गया कि वह अपने दोस्त को मकान दिखा रहा था और मकान से जुड़े कुछ कार्यों को लेकर चर्चा कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले अबुजर और उसका रिश्तेदार अरमान वहां पहुंच गए।पीड़ित का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने आते ही उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

बीच मोहल्ले में हुआ हंगामा, लोगों में मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने के साथ ही मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। मारपीट और शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, जिसके बाद मामला और अधिक बिगड़ने से बच गया।बताया जा रहा है कि मारपीट में साजिद को चोटें आईं, जिसके बाद वह काफी घबराया हुआ नजर आया। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आसपास के लोग मौके पर नहीं पहुंचते तो घटना और गंभीर रूप ले सकती थी।

आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप

पीड़ित साजिद ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद आरोपी उसे गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। धमकी मिलने के बाद पीड़ित और उसके परिजनों में भय का माहौल बना हुआ है।घटना के बाद साजिद सीधे थाना देहात पहुंचा और पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

थाना देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी अबुजर और अरमान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों को भी एकत्र किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

Next Story