Hapur News: पुलिस टीम पर हमला कर वांछित आरोपी को छुड़ाया, परिजनों की धक्का-मुक्की, चार पर मुकदमा

Hapur News: हापुड़ के बाबूगढ़ में पुलिस टीम पर हमला कर वांछित आरोपी को छुड़ाने का मामला सामने आया। परिजनों की धक्का-मुक्की के बाद चार पर मुकदमा दर्ज हुआ।

Avnish Pal
Published on: 15 Sept 2026 12:43 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कोटा हरनाथपुर में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची दूसरे जिले की पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस टीम ने पुराने मुकदमे में वांछित आरोपी को पकड़ लिया था, लेकिन इसी दौरान उसके परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की और हाथापाई की तथा आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले में बाबूगढ़ पुलिस ने वांछित आरोपी कपिल सिंह, उसके पिता हरदम सिंह, गोविंद उर्फ रितिक समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रोहित कुमार को सौंपी है।

पुराने मुकदमे में वांछित था आरोपी

पुलिस के अनुसार बलिया जिले के थाना बांसडीह में दर्ज एक पुराने मुकदमे में गांव कोटा हरनाथपुर निवासी कपिल सिंह वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए बांसडीह थाने में तैनात उपनिरीक्षक सूरज पटेल पुलिस टीम के साथ हापुड़ पहुंचे थे। स्थानीय पुलिस से समन्वय के बाद टीम आरोपी की तलाश में गांव पहुंची।पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी तो वह पुलिसकर्मियों को देखते ही वहां से भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और करीब 50 मीटर तक दौड़ाने के बाद उसे पकड़ लिया।

आरोपी को पकड़ते ही मौके पर जुटे परिजन

पुलिस का आरोप है कि आरोपी के पकड़े जाने के दौरान उसके परिजन और कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया। विरोध करने पर पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई।अचानक हुए विरोध के कारण पुलिसकर्मी आरोपी को सुरक्षित तरीके से अपने साथ नहीं ले जा सके। इसी दौरान आरोपी पुलिस की पकड़ से निकल गया और मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया।

पुलिस टीम से अभद्रता के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बाबूगढ़ थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने कपिल सिंह, उसके पिता हरदम सिंह, गोविंद उर्फ रितिक तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की, हाथापाई और वांछित आरोपी को छुड़ाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

आरोपियों की भूमिका की जांच में जुटी पुलिस

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पुलिस घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही वांछित कपिल सिंह की दोबारा गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story