Hapur News: बदनौली गोलीकांड, शव रोककर हंगामा, डीएम-एसपी पहुंचे, आश्वासन के बाद खुला जाम

बदनौली में घायल दीपक की मेरठ में इलाज के दौरान मौत के बाद ग्रामीणों ने शव की एंबुलेंस रोककर सड़क पर जाम लगाया और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Avnish Pal
Published on: 6 Sept 2026 7:47 PM IST
Badnauli Firing case hapur
X

बदनौली गोलीकांड, शव रोककर हंगामा, डीएम-एसपी पहुंचे, आश्वासन के बाद खुला जाम (Photo- Newstrack)

Hapur News: कोतवाली नगर क्षेत्र के गांव बदनौली में तीन दिन पहले हुए पथराव और फायरिंग के मामले ने रविवार को उस समय गंभीर मोड़ ले लिया, जब गोली लगने से घायल युवक दीपक की मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। दीपक की मौत की सूचना मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणों ने एंबुलेंस को रास्ते में रोककर मोदीनगर रोड पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा।

ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, उनके घरों पर बुलडोजर चलाने और दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए गांव में पहले से तैनात पुलिस बल के अलावा बागपत,मेरठ और बुलंदशहर से अतिरिक्त फोर्स तथा पीएसी को तैनात किया गया।

शव रोककर सड़क पर उतरे ग्रामीण, मचा हंगामा

रविवार दोपहर मेरठ से पोस्टमार्टम के बाद दीपक का शव एंबुलेंस से बदनौली लाया जा रहा था। करीब पौने चार बजे एंबुलेंस गांव के बाहर पहुंची तो बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण सड़क पर आ गए। ग्रामीणों ने एंबुलेंस को रोक दिया और मोदीनगर रोड पर जाम लगा दिया।परिजन और ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक डीएम और एसपी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का भरोसा नहीं देते, तब तक शव को गांव के अंदर नहीं जाने दिया जाएगा।


डीएम-एसपी पहुंचे, आश्वासन के बाद खुला जाम

करीब साढ़े पांच बजे डीएम कविता मीना और एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब सवा छह बजे ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। इसके बाद दीपक का शव गांव के अंदर ले जाया गया और परिजनों ने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।

एडीजी भानु भास्कर ने पहले ही संभाली थी कमान

बदनौली में शुक्रवार को हुए बवाल की गंभीरता को देखते हुए मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली थी और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।

एडीजी भानु भास्कर ने कहा कि बदनौली की घटना में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ भी सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।दीपक की मौत के बाद एडीजी के निर्देशों के तहत पुलिस-प्रशासन ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है, ताकि किसी भी तरह की नई अप्रिय स्थिति पैदा न हो।

पथराव के बाद हुई थी फायरिंग, चार लोग हुए थे घायल

शुक्रवार सुबह बदनौली में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद देखते ही देखते पथराव और फायरिंग शुरू हो गई थी। गोली लगने से दीपक, मुनेश और विजय घायल हो गए थे, जबकि अंकित भी घटना में घायल हुआ था। गंभीर हालत में दीपक, मुनेश और विजय को उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया था।रविवार सुबह उपचार के दौरान दीपक की मौत हो गई। मौत की खबर के बाद गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।


पुलिस कार्रवाई पर भी उठे थे सवाल

घटना के बाद मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की थी। सीओ अनीता चौहान और थाना प्रभारी को हटाया गया, जबकि चौकी इंचार्ज और एक सिपाही को निलंबित किया गया।पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। दीपक की मौत के बाद अब पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।

गांव में पीएसी के साथ भारी पुलिस बल तैनात

दीपक की मौत के बाद किसी भी संभावित तनाव को देखते हुए बदनौली में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मेरठ और बुलंदशहर से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। मौके पर एसपी ट्रैफिक राजेश सिंह, सीओ मुनीश चंद्रा, सीओ दीपक चतुर्वेदी, सीओ राहुल यादव, सीओ अनीता चौहान समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।कोतवाली नगर प्रभारी सुरेश कुमार, कपूरपुर थाना प्रभारी और पिलखुवा कोतवाली प्रभारी महिला थाना प्रभारी अरुणा राय भी पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे।दीपक की मौत के बाद बदनौली गोलीकांड अब बेहद संवेदनशील स्थिति में पहुंच गया है। एक तरफ पुलिस गांव में शांति बनाए रखने में जुटी है, वहीं मृतक के परिजन और ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story