Hapur News: संपत्ति के लालच में बहनोई ने की साले की हत्या, शराब पिलाकर गमछे से घोंटा गला

Hapur News: हापुड़ में बहनोई ने साथी संग साले को शराब पिलाकर गमछे से गला घोंट दिया। पुलिस ने सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से हत्या का खुलासा किया।

Avnish Pal
Published on: 15 May 2026 4:37 PM IST
Sister-in-law kills Sale in greed for property
X

संपत्ति के लालच में बहनोई ने की साले की हत्या, शराब पिलाकर गमछे से घोंटा गला (Photo- Newstrack)

Hapur News: हापुड़ जिले की सिम्भावली पुलिस ने बुलंदशहर निवासी युवक शिवकुमार की हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मृतक के बहनोई समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या के पीछे संपत्ति हड़पने की साजिश सामने आई है। आरोपियों ने पहले युवक को शराब पिलाई और फिर गमछे से गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, पिस्टल,अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद किए हैं।

नाले में शव मिलने से मचा था हड़कंप

12 मई 2026 को थाना सिम्भावली क्षेत्र में रजापुर गांव के पास नाले किनारे एक युवक का शव और उसकी मोटरसाइकिल पड़ी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। मृतक की पहचान बुलंदशहर जनपद के थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव कारौंजी निवासी 26 वर्षीय शिवकुमार पुत्र कैलाश चंद के रूप में हुई।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की थी।

सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से खुली साजिश

मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहराई से पड़ताल की। जांच के दौरान मृतक के बहनोई पर शक गहराया और आखिरकार पुलिस ने पूरी हत्या की साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

बहनोई ही निकला कातिल

गढ़मुक्तेश्वर सीओ स्तुति सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस ने थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव गोहरा आलमगीरपुर निवासी विनय कुमार नागर पुत्र सुरेंद्र नागर उर्फ शुल्लू और उसके साथी उदयवीर उर्फ उदेश गुर्जर पुत्र रामचंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, विनय मृतक शिवकुमार का सगा बहनोई है। उसने शिवकुमार की बहन से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह आर्थिक तंगी और कर्ज में डूब गया था। आरोपी की नजर अपने ससुर की हाईवे किनारे स्थित जमीन पर थी और वह संपत्ति हड़पना चाहता था।

शराब पिलाकर की गई हत्या

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से शिवकुमार को बुलाया। पहले तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। जब शिवकुमार नशे में हो गया तो आरोपियों ने गमछे से उसका गला दबाकर हत्या कर दी।हत्या के बाद शव और बाइक को नाले में फेंक दिया गया ताकि मामला हादसा लगे और पुलिस को गुमराह किया जा सके। हालांकि पुलिस की तकनीकी जांच ने पूरा राज खोल दिया।

अवैध हथियार और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद बाइक का नंबर UP 37 V 1819 बताया गया है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना सिम्भावली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार, उपनिरीक्षक राजवीर सिंह, उपनिरीक्षक यशपाल सिंह समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

सीओ स्तुति सिंह का बड़ा बयान

गढ़मुक्तेश्वर सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि,“पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना का सफल अनावरण किया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हत्या संपत्ति के लालच में की गई थी। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।”

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story