Hapur News: कल से शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व, सूर्योपासना में लीन होंगे श्रद्धालु

Hapur News: छठ महापर्व का शुभारंभ नहाय-खाय के साथ होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत रखेंगे। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य और सोमवार 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।

Avnish Pal
Published on: 12 Nov 2026 2:25 PM IST
Hapur News: कल से शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व, सूर्योपासना में लीन होंगे श्रद्धालु
X

Hapur News

Hapur News: लोकआस्था, अटूट विश्वास, कठिन तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व छठ शुक्रवार से पूरे श्रद्धाभाव और धार्मिक उल्लास के साथ शुरू होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में श्रद्धालु भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करेंगे। छठ पर्व को लेकर व्रतियों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होगी, जबकि 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ महापर्व का समापन होगा।कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाने वाला छठ महापर्व भारतीय संस्कृति में सूर्योपासना का विशेष स्थान रखता है।

इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें डूबते और उगते, दोनों सूर्य की आराधना की जाती है। व्रती कई दिनों तक कठोर नियमों का पालन करते हुए पूरी श्रद्धा, पवित्रता और संयम के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। छठ को प्रकृति, जल, वायु और सूर्य के प्रति आभार प्रकट करने का पर्व भी माना जाता है।वैदिक सनातन ज्योतिष कर्मकांड महासभा ट्रस्ट के अध्यक्ष ज्योतिर्विद पंडित सुबोध पांडेय ने बताया कि छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ होगी। चार दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में प्रत्येक दिन का अपना अलग धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। व्रती पूरी शुद्धता और नियमों के साथ पूजा संपन्न करते हैं।

नहाय-खाय से शुरू होगी छठ की कठिन साधना

छठ महापर्व के पहले दिन शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाएगी। इस दिन व्रती सुबह स्नान कर घर और रसोई की विशेष साफ-सफाई करेंगे। इसके बाद सात्विक भोजन तैयार किया जाएगा। परंपरा के अनुसार अरवा चावल, लौकी की सब्जी और चने की दाल का प्रसाद ग्रहण किया जाता है। भोजन तैयार करने से लेकर ग्रहण करने तक स्वच्छता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। इसी के साथ व्रती छठ के कठिन अनुष्ठान की शुरुआत करेंगे।

खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत

महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को स्नान के बाद पूजा-अर्चना कर गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार करेंगे। भगवान सूर्यदेव और छठी मैया को भोग लगाने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद प्रसाद परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और परिचितों में वितरित किया जाएगा।खरना के प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का लगभग 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग कर पूरी श्रद्धा के साथ छठी मैया की आराधना करेंगे।

रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा पहला अर्घ्य

छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को सबसे महत्वपूर्ण अनुष्ठानों में से एक संध्या अर्घ्य संपन्न होगा। इस दिन व्रती निर्जला उपवास रखते हुए शाम को पूजा की सामग्री लेकर जलाशयों, नदियों और निर्धारित पूजा स्थलों पर पहुंचेंगे। वहां पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।इस दौरान बांस के सूप और दउरा में फल, फूल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री सजाई जाएगी। सूर्यास्त के समय श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना करेंगे। इसके बाद रात्रि में छठी मैया के गीत, भजन और कीर्तन के माध्यम से जागरण किया जाएगा।

सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा व्रत का पारण

महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार को तड़के ही श्रद्धालु घाटों और पूजा स्थलों पर पहुंचेंगे। सूर्योदय के समय व्रती उदीयमान सूर्यदेव को दूसरा अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व के सभी प्रमुख अनुष्ठान पूरे हो जाएंगे। इसके बाद हवन, पूजा और प्रसाद वितरण किया जाएगा। धार्मिक परंपराओं के अनुसार व्रती पारण कर अपना निर्जला व्रत खोलेंगे।पंडित सुबोध पांडेय के अनुसार छठ पूजा में भगवान सूर्यदेव के साथ उनकी बहन छठी मैया की आराधना का विशेष विधान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठी मैया को संतान की रक्षा, उसकी दीर्घायु और परिवार के कल्याण की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है। वहीं भगवान सूर्यदेव की उपासना से आरोग्य, ऊर्जा, तेज, सुख और समृद्धि की कामना की जाती है।

ठेकुआ, गन्ना और मौसमी फलों से सजेंगे पूजा के सूप

छठ महापर्व में प्रसाद और पूजन सामग्री का भी विशेष महत्व है। पूजा के दौरान ठेकुआ, नारियल, केला, सेब, गन्ना, सिंघाड़ा, शकरकंदी, चावल के लड्डू और विभिन्न मौसमी फलों का उपयोग किया जाता है। बांस से बने सूप और दउरा में इन सामग्रियों को सजाकर सूर्यदेव को अर्पित किया जाता है। छठ का पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है।छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि स्वच्छता, अनुशासन, समानता और प्रकृति के संरक्षण का संदेश देने वाला पर्व भी है। इस दौरान व्रती खानपान से लेकर पूजा की प्रत्येक प्रक्रिया में शुद्धता का विशेष ध्यान रखते हैं। चार दिनों तक चलने वाली इस साधना में परिवार के सदस्य भी पूरे सहयोग और समर्पण के साथ भागीदारी निभाते हैं। यही वजह है कि छठ महापर्व आस्था के साथ-साथ पारिवारिक एकता और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक माना जाता है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story