Hapur News: कोचिंग सेंटर में बड़ा हादसा, पढ़ाई के दौरान छात्रों पर गिरा छत का भारी प्लास्टर, कई घायल

Hapur News: हापुड़ के एक कोचिंग सेंटर में पढ़ाई के दौरान छत का भारी प्लास्टर छात्रों पर गिर गया, जिससे कई छात्र घायल हो गए और अफरा-तफरी मच गई।

Avnish Pal
Published on: 27 May 2026 3:50 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लाल बहादुर शास्त्री कोचिंग सेंटर में पढ़ाई के दौरान अचानक छत के लेंटर का भारी प्लास्टर टूटकर छात्रों के ऊपर गिर पड़ा। हादसे के समय कक्षा में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। अचानक हुए इस हादसे से पूरे कोचिंग सेंटर में अफरा-तफरी मच गई और छात्र जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्र अपनी कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे। तभी अचानक तेज आवाज के साथ छत का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। प्लास्टर सीधे छात्रों के सिर और कंधों पर गिरने से कई छात्र घायल हो गए। कुछ छात्रों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद कोचिंग सेंटर परिसर चीख-पुकार से गूंज उठा।

घायल छात्रों को अस्पताल भेजा गया

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और अभिभावक मौके पर पहुंच गए। घायल छात्रों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद छात्रों और अभिभावकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि हादसा कुछ मिनट बाद होता या कक्षा में और अधिक छात्र मौजूद होते तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। कई छात्रों ने बताया कि प्लास्टर गिरने से पहले छत से हल्की दरारों और मिट्टी झड़ने जैसी स्थिति दिखाई दे रही थी, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि अचानक इतना बड़ा हिस्सा गिर जाएगा।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, संचालक हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही पिलखुवा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद कोचिंग सेंटर संचालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि भवन की स्थिति कितनी जर्जर थी और क्या कोचिंग संचालक को पहले से किसी खतरे की जानकारी थी। साथ ही भवन की सुरक्षा और रखरखाव से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

शिक्षा के मंदिर में लापरवाही का बड़ा सवाल

इस हादसे ने निजी कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों के भविष्य को संवारने का दावा करने वाले संस्थानों में यदि भवन ही सुरक्षित नहीं हैं तो यह सीधे छात्रों की जिंदगी से खिलवाड़ माना जाएगा।स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिले में कई कोचिंग सेंटर पुराने और जर्जर भवनों में संचालित हो रहे हैं, लेकिन उनकी नियमित जांच नहीं होती। ऐसे में प्रशासनिक निगरानी की कमी भी सवालों के घेरे में है।

क्या बोले पिलखुवा कोतवाली प्रभारी अतुल चौहान?

पिलखुवा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अतुल चौहान ने बताया कि, "कोचिंग सेंटर में छत का प्लास्टर गिरने की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। घायल छात्रों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। कोचिंग संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।"

Anjali Soni

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story