Hapur News: सभासद की बाइक चुराते रंगे हाथ पकड़ा वाहन चोर, साथी फरार; भीड़ ने आरोपी को पीटा

Hapur News: सभासद की बाइक चोरी करते वाहन चोर रंगे हाथ पकड़ा गया। उसका साथी मौके से फरार हो गया, जबकि भीड़ ने आरोपी की पिटाई कर दी।

Avnish Pal
Published on: 14 Aug 2026 1:36 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला काजीवाड़ा में शुक्रवार सुबह वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे दो युवकों को लोगों की सतर्कता के कारण बड़ा झटका लगा। नगर पालिका परिषद के वार्ड-27 के सभासद मरगूब हसन की बाइक चोरी कर भाग रहे दो संदिग्धों में से एक को स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर दबोच लिया, जबकि उसका साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए युवक को लेकर इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। बाद में सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई।

घर के बाहर खड़ी थी सभासद की बाइक

जानकारी के अनुसार वार्ड-27 के सभासद मरगूब हसन काली मस्जिद के सामने मोहल्ला काजीवाड़ा में रहते हैं। गुरुवार रात उन्होंने रोजाना की तरह अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी की थी। शुक्रवार सुबह दो युवक वहां पहुंचे और मौका देखकर बाइक का लॉक तोड़ दिया। इसके बाद दोनों बाइक लेकर वहां से निकलने लगे।इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग नवीन मंडी स्थित अपनी आढ़त पर जाने के लिए घर से निकले। उनकी नजर बाइक लेकर जा रहे संदिग्ध युवकों पर पड़ी। युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर लोगों ने शोर मचा दिया और पीछा शुरू कर दिया।

लोगों ने घेरकर एक आरोपी को दबोचा

स्थानीय लोगों की सक्रियता के चलते आरोपियों को ज्यादा दूर जाने का मौका नहीं मिला। लोगों ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया। हालांकि, उसका दूसरा साथी भीड़ को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। कुछ ही देर में घटना की जानकारी सभासद और आसपास के लोगों को हुई तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में पहले से नाराजगी थी। इसी वजह से पकड़े गए युवक को देखकर भीड़ का गुस्सा भड़क गया। लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी। बाद में किसी ने घटना की सूचना नगर कोतवाली पुलिस को दी।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से आरोपी को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपने नगर क्षेत्र के ही एक मोहल्ले में रहने की जानकारी दी है। पुलिस उसके फरार साथी की पहचान और संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पकड़ा गया युवक किसी बड़े वाहन चोर गिरोह से जुड़ा है या नहीं। इसके साथ ही उसके आपराधिक इतिहास और पूर्व में हुई वाहन चोरी की घटनाओं में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

फरार साथी की तलाश में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि बाइक चोरी के प्रयास में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। फरार साथी की तलाश के साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story